आगरालीक्स.. आगरा में महिला की मौत के बाद वेंटीलेटर पर रख दिया, वेंटीलेटर के मॉनीटर को दिखाकर कहते रहे कि वह बच जाएगी, तीमारदार अंदर गए तो सांस थम चुकी थी, इसके बाद जमकर हंगामा हुआ।
आगरा में राजाखेडा निवासी 60 साल की महिला को बुखार आने पर शिवा हॉस्पिटल, सुल्तानगंज की पुलिया पर भर्ती कराया गया। हॉस्पिटल संचालक मोहित अग्रवाल ने 48 घंटे में मरीज को ठीक करने का दावा करते हुए 70 हजार रुपये जमा करा लिए। परिजनों का आरोप है कि सोमवार की दोपहर को मरीज की हालत खराब बताते हुए वेंटीलेटर पर रख दिया। हृदय संबंधी परेशानी भी बताई। 15 हजार रुपये और जमा कराए। मरीज से मिलने भी नहीं दिया।
मौत के बाद वेंटीलेटर पर रखा
चार घंटे बाद परिजनों ने मरीज को देखा, आरोप है कि मरीज की सांस नहीं चल रही थी। उसकी कई घंटे पहले मौत हो चुकी थी। परिजनों के हंगामा करने पर संचालक और स्टाफ शव को छोडकर भाग गए।
स्नातक पास कर रहा था इलाज
पुलिस के आने के बाद संचालक भी आ गया। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि अस्पचाल संचालक स्नातक पास है, उसके पास कोई चिकित्सकीय डिग्री नहीं है। अस्पताल का पंजीकरण भी नहीं दिखा पाया। इलाज किसने किया तो उसने किसी विशेषज्ञ चिकित्सक का नाम बताया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है।
सीएमओ डॉ. मुकेश वत्स ने बताया कि मंगलवार को टीम भेजकर अस्पताल के पंजीकरण और मरीज का इलाज किसने किया, इसकी जांच की जाएगी। हरीपर्वत थाना के इंस्पेक्टर का कहना है कि सीएमओ की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।