आगरालीक्स… आगरा के एक होटल में ईसाई धर्म प्रचारकों की सभा में धर्मांतरण के आरोप के बाद हंगामा, धर्म प्रचारकों की पिटाई लगाने के साथ तोडफोड की, पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर थाना ताजगंज का कहना है कि सात लोगों को मौके से पकड़ा गया है। सनी की तहरीर पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक नामजद आरोपियों में केरल निवासी लिनिस, अनु, जैक्सन, अनरान, विनीच और छत्तीसगढ़ निवासी राहुल हैं। इसके अलावा अन्य महिलाएं और पुरुष भाग गए।
मंगलवार को आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित होटल समोवर के बेसमेंट में ईसाई धर्म प्रचारकों की सभा चल रही थी, सभा में धर्मांतरण की आशंका पर बडी संख्या में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी पहुंच गए। उनका आरोप है कि लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई जा रही थी। उन्होंने हंगामा कर दिया।
पिटाई लगाने के साथ की तोडफोड
होटल में सभा कर रहे धर्म प्रचारकों की पिटाई कर दी, हाकी और डंडे से पीटा। तोड़फोड़ भी कर दी। इससे होटल में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस आ गई। खटीक पाड़ा निवासी सनी बंसवार का आरोप है कि लोगों को सत्संग के लिए बुलाया गया था। बताया गया था कि सत्संग में अच्छी बातों के अलावा लोगों को उपहार में सामान भी दिया जाएगा। बड़ी संख्या में दलित समाज के लोग पहुंचे थे। ईसाई धर्म प्रचारकों ने अपने धर्म का प्रचार प्रसार करते हुए मौजूद लोगों के धर्म के प्रति अपमानजनक शब्द कहे, जिससे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची।
दलित समाज के लोगों का धर्मांतरण कराने का आरोप
सुनील पाराशर, प्रांत उपाध्यक्ष, विश्व हिंदू परिषद का कहना है कि दलित समाज के लोगों को प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराया जा रहा था। शहर और ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के धर्म प्रचारक घूम रहे हैं। विहिप आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करती है।
सीओ सदर उदयराज सिंह का कहना है कि धर्मांतरण के लिए धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। जांच की जा रही है।