आगरालीक्स ..आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई, हादसे में मां बेटा सहित तीन की मौत हो गई, हादसे में तीन लोग घायल हैं। इन्हें गंभीर हालत में भर्ती किया गया है।
हरियाणा के झज्जर जिले के थाना बहादुरगढ़ अंतर्गत यशोदानगर निवासी धर्मवीर और कृष्णचंद्र की बेटियां स्वेता व स्वीटी लखनऊ में पढ़ती हैं। दीपावली पर वे घर पर आई हुई थीं। रविवार शाम को पूरा परिवार अर्टिका कार से उन्हें छोडने लखनऊ के लिए निकले। गाड़ी संदीप चला रहा था। सोमवार सुबह तकरीबन छह बजे शिकोहाबाद के नगला खंगर क्षेत्र में भदान के समीप चालक संदीप को झपकी आ गई और गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई। हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई।

मां बेटा की मौत
पुलिस ने बताया कि हादसे में निर्मला पत्नी कृष्णचंद्र दलाल, संदीप पुत्र कृष्णचंद्र और संजीव पुत्र धर्मवीर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि स्वेता पुत्री धर्मवीर, इन्दुबाला पत्नी धर्मवीर और स्वीटी पुत्री कृष्णचंद्र दलाल निवासी यशोदा नगर बहादुरगढ़ हरियाणा घायल हो गए। एक्सप्रेसवे पेट्रोलिंग टीम में तैनात भूतपूर्व सैनिकों ने सभी घायलों और शवों को गाड़ी से निकलवाया। घायल सैफई अस्पताल भेज गए हैं। सूचना मिलने के बाद पीड़ित परिवार भी सैफई पहुंच गया। प्रभारी थानाध्यक्ष दीपक चंद्र दीक्षित ने बताया कि शव परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिए हैं।
फाइल फोटो