आगरालीक्स… आगरा में शस्त्र लाइसेंस बनवाने के लिए मानसिक स्वास्थ्य संस्थान एवं चिकित्सालय में 10 दिन भर्ती रहना पड सकता है, यहां डॉक्टर देखेंगे कि लाइसेंस मिलने के बाद हथियार से खुदकुशी और किसी की हत्या करने की आशंका तो नहीं है। कई तरह के टेस्ट में सही पाए जाने पर ही अच्छे मानसिक स्वास्थ्य का सर्टििफकेट दिया जाएगा। इसके आधार पर ही शस्त्र लाइसेंस मिल सकेगा।
अभी तक शस्त्र लाइसेंस के लिए जिला अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा स्वास्थ्य ठीक होना प्रमाणित किया जाता था, इसके आधार पर कलक्र्टेट से शस्त्र लाइसेंस जारी कर दिया जाता था। लेकिन अब ऐसा नहीं हैं, तमाम घटनाओं में लाइसेंसी हथियार का इस्तेमाल देखने को मिल रहा है। लोग अपने लाइसेंसी हथियार से हत्या और आत्महत्या कर रहे हैं। इसे देखते हुए हाईकोर्ट ने शस्त्र लाइसेंस के लिए मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण को अनिवार्य कर दिया है।

10 दिन तक रहना पड सकता है भर्ती
मानसिक स्वास्थ्य संस्थान एवं चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ दिनेश राठौर का कहना है कि मानसिक स्वास्थ्य की जांच का वैज्ञानिक तरीका है, इसमें क्लीनिक और साइक्लॉजिकल टेस्ट होते हैं, इसके दो से 10 सेशन करते पडते हैं, इसमें 10 दिन तक लग सकते हैं और भर्ती भी करना पड सकता है।