आगरालीक्स… पुलवामा हमले के शहीदों की आज तेरहवीं है, सर्जिकल स्ट्राइक 2 के बाद आगरा में पुलवामा आतंकी हमले के शहीद कौशल किशोर के परिजनों का रिएक्शन देखिए, शहर में जश्न मनाया जा रहा है, महिलाएं पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगा रहीं हैं।
मंगलवार तडके 3. 30 बजे 12 मिराज 2000 विमानों ने पाकिस्तान आक्यूपाइड कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की, इसमें 300 आतंकियों के मारे जाने की खबरें मीडिया में आ रही हैं। यह आतंकी कैंप पुलवामा आतंकी हमले की जिम्मेदारी लेने वाले जैश ए मोहम्मद के थे, इन्हें खत्म कर दिया गया है। विदेश सचिव विजय गोखले ने मंगलवार सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस करके वायुसेना के इस पराक्रम की पुष्टि की है। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में सुबह एनएसए और कैबिनेट की बैठक भी हुई।
माना जा रहा है कि इस एयर स्ट्राइक को अंजाम देने के लिए वायुसेना के विमानों ने आगरा एयरबेस और बरेली एयरबेस से उड़ान भरी थी। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
आगरा में जश्न, बोले शहीद के परिजन
14 फरवरी को पुलवामा आतंकी हमले में कहरई, आगरा के कौशल किशोर रावत शहीद हो गए थे। एयर स्ट्राइक के बाद उनकी पत्नी ममता ने कहा कि इस हमले से शांति मिली है, 40 के बदले 400 मारे जाने चाहिए। वायु सेना ने 12 वें दिन शहादत का बदला लिया है। उनकी बेटी अपूर्वा का कहना है कि हमें बदला चाहिए, अभी वायु सेना ने एयर स्ट्राइक की है, आर्मी और नेवी भी तैयार है।