आगरालीक्स… आगरा में मेट्रो के लिए 145 मकानों को हटाया जाएगा और 2400 पेड काटे जाएंगे। इसे लेकर आगरा मेट्रो की अहम बैठक जून के पहले या फिर दूसरे सप्ताह में होगी। इसके लिए विशेष समिति आएगी।
आगरा मेट्रो का कार्य धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है। मेट्रो की राह में आ रहे 145 भवनों को हटाया जाएगा। वहीं 14 धार्मिक स्थल और पांच पब्लिक टॉयलेट भी शिफ्ट होंगे। आगरा मेट्रो का ट्रैक तीस किमी लंबा होगा। एक किमी पर एक स्टेशन होगा। मेट्रो ट्रैक बिछाने के लिए 100 आवासीय भवनों और 45 दुकानों को तोड़ा जाएगा। मीडिया रिपोर्ट में लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के एक अधिकारी के अनुसार बताया है कि 90 परिवारों के 355 लोग प्रभावित होंगे। नई भू अधिग्रहण नीति के तहत शहरी क्षेत्र के भू स्वामी को दो गुना और देहात क्षेत्र पर चार गुना मुआवजा मिलेगा। मुआवजा वर्तमान सर्किल रेट से तय होगा।
यह है आगरा मेट्रो
आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट की लागत 8379 करोड़ रुपये है।
आगरा मेट्रो की कुल लंबाई 30 किमी होगी
दोनों कॉरिडोर पर तीस स्टेशन होंगे।
दोनों कॉरिडोर पर 22 स्टेशन एलीवेटेड और आठ स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे।