आगरालीक्स ..आगरा में कूडा जलाने पर दो लोगों को हिरासत में ले लिया, मुकदमा दर्ज किया जा रहा है, सेंट पैटिक्स जूनियर कॉलेज पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। कूड़ा निस्तारण न होने की शिकायत मिलने पर सेंट पीटर्स और सेंट कॉनरेड्स कॉलेज को नोटिस थमा दिए।
सेंट पैटिक्स जूनियर कॉलेज में कई दिनों से कूड़ा जलाने की सूचनाएं मिलरही थीं। इसका वीडियो भी नगर निगम प्रशासन को उपलब्ध कराया गया।

गुरुवार सुबह सहायक नगरायुक्त अनुपम शुक्ला की अगुवाई में टीम ने कॉलेज परिसर में छापा मारा। सहायक नगरायुक्त ने बताया कि कॉलेज परिसर में कई जगहों पर कूड़ा जलाने के निशान मिले। इसकी फोटोग्राफी कराई गई। इसके लिए कॉलेज पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं कॉलेज प्रशासन पर कम गृहकर जमा कराने की भी शिकायत है। जिसके तहत कॉलेज परिसर की पैमाइश कराई गई। पुराने दस्तावेजों से इसकी मिलान की जा रही है। सहायक नगरायुक्त अनुपम शुक्ला ने बताया कि वजीरपुरा रोड स्थित सेंट पीटर्स कॉलेज और खंदारी चौराहा के समीप स्थित सेंट कॉनरेड्स इंटर कॉलेज को नोटिस जारी किया गया है। दोनों स्कूलों में कूड़े के सही तरीके से निस्तारण न होने की शिकायतें मिली थीं।
सिकंदरा में दो पकडे
नगर निगम की टीम ने गुरुवार शाम कैलाश मोड़, फुट ओवर ब्रिज के पास छापा मारा। ताज फर्निसिंग में कूड़ा जल रहा था। टीम ने प्रबंधक अजरुन सिंह को कूड़ा जलाने का दोषी पाया। कार्रवाई की जानकारी मिलने पर भीड़ जुटने लगी जिस पर निगम की टीम लौट आई। वहीं कुछ दूरी पर प्लाट में कूड़ा जलाया जा रहा था। कूड़ा जलाने पर राजीव कुमार को हिरासत में ले लिया। सिकंदरा थाने में राजीव को सौंप दिया गया। सेनेटरी इंस्पेक्टर श्रीप्रकाश ने बताया कि कूड़ा जलाने पर अजरुन व राजीव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। एक अन्य व्यक्ति भाग गया। उसकी पहचान की जा रही है।