आगरीलीक्स …आगरा में यूपी बार काउंसिल की अध्यक्ष दरवेश सिंह पर ताबडतोड गोली बरसाने वाले साथी अधिवक्ता मनीष ने उन्हें मिठाई खिलाई, दोनों भावुक हो गए और रोने लगे। इसके बाद कुछ ऐसा हुआ कि दरवेश सिंह के मनीष शर्मा ने चार गोली मार दीं।
आगरा में 12 जून को यूपी बार काउंसिल की पहली महिला अध्यक्ष चुने जाने पर दरवेश सिंह दीवानी पहुंची। यहां उनका स्वागत हुआ। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दरवेश सिंह और मनीष शर्मा के करीबी वकीलों की बात को साझा करते हुए लिखा है कि दरवेश ने पूछा कि मनीष क्यों नहीं है, मनीष के न आने की जानकारी होने पर दरवेश सुबह 10 बजे अपने चैंबर में पहुंच गई, इसी चैंबर में 2004 से दरवेश सिंह और मनीष शर्मा एक साथ प्रैक्टिस कर रहे थे।
अपनी कुर्सी हटाए जाने पर रोने लगी दरवेश
चैंबर में दरवेश सिंह ने देखा कि वहां से उनकी कुर्सी हटा दी गई है तो वह फूट-फूटकर रोने लगीं। वह बहुत भावुक हो रही थीं। उन्होंने कहा कि मनीष को बुलाओ। इसी पर साथी वकीलों ने मनीष को फोन किया। वह साढ़े दस बजे पहुंचा। चिंताहरण मंदिर पर दोनों की मुलाकात हुई। दोनों बहुत भावुक थे, मनीष को देखते ही दरवेश की आंखों से आंसू निकल आए थे, मनीष भी रोने लगा। आधा घंटा मुलाकात चली। इस दौरान लोगों ने दरवेश के साथ मनीष को भी माला पहनाईं। मनीष और दरवेश ने एक -दूसरे को मिठाई खिलाई। उस समय वहां इंस्पेक्टर सतीश यादव मौजूद नहीं था।
पुलिस ने तीसरे चश्मदीद के बयान दर्ज किए
इस मामले में पुलिस तीन चश्मदीद के बयान दर्ज कर चुकी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चश्मदीद ने बताया कि चैंबर में बैठकर मनीष की दरवेश से बातचीत चल रही थी। अचानक न जाने क्या हुआ। मनीष ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और दरवेश को गोली मार दी। वहां मौजूद अधिवक्ता तो शुरुआत में मामला नहीं समझ सके। गोली चलने की आवाज सुनते ही सभी चैंबर से भाग गए। इससे पहले पुलिस ने दो चश्मदीदों के बयान लिए थे।