आगरालीक्स…. आगरा में यमुना एक्सप्रेस वे पर आधी रात को 214 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से मर्सिडीज दौडी, एक्सप्रेस वे पर लगे कैमरे में ओवर स्पीड दौडती मर्सिडीज का रिकॉर्ड दर्ज हो गया। ई चालान जारी करने के साथ ड्राइवर के लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई शुरू की गई है।
यमुना एक्सप्रेस वे पर ओवर स्पीड वाहनों पर कार्रवाई के लिए कैमरे लगे हुए हैं, सोमवार रात 2 40 बजे नोएडा से आगरा की ओर आ रही मर्सिडीज कार 108 किलोमीटर पर 214 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से दौड रही थी। इसे देख कॉरीडोर इंचार्ज मनीष सिंह हैरान रह गए, उन्होंने ओवर स्पीड मर्सिडीज का डाटा आरटीओ आगरा को दे दिया।
दो हजार रुपये का ई चालान, लाइसेंस निलंबन की कवायद
आरटीओ, प्रवर्तन आगरा अनिल कुमार ने मीडिया को बताया कि मर्सिडीज कार एआरएस स्टील एंड एलॉय पांडिचेरी के नाम से पंजीक्रत है, दो हजार रुपये का ई चालान किया गया है। नोटिस देकर ड्राइवर के लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
108 वाहन ओवर स्पीड पकडे गए
सोमवार को यमुना एक्सप्रेस वे पर 108 वाहन ओवर स्पीड पकडे गए, इनकी स्पीड 160 से 165 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जबकि यमुना एक्सप्रेस वे पर कार की स्पीड 100 और भारी वाहन की स्पीड 60 किलोमीटर है।
पिछले साल 200 की स्पीड से दौडी कार
यमुना एक्सप्रेस वे पर पिछले साल बीएमडब्ल्यू कार हेडलाइट बंद कर नोएडा से आगरा की ओर रात में 202 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरी थी। कार मालिक पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से जुर्माना किया गया।