आगरालीक्स ..आगरा में आधी रात को पुलिस और जूनियर डॉक्टर आमने सामने आ गए। राजा की मंडी स्टेशन रोड पर खाना खा रहे जूनियर डॉक्टर और हरीपर्वत इंस्पेक्टर में विवाद हो गया। वहां डॉक्टर भी मौजूद थे, काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
आगरा के राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर रोड पर ढाबे हैं। यहां एसएन के डॉक्टर और जूनियर डॉक्टर देर रात खाना खा रहे थे। यहां थाना हरीपर्वत के इंस्पेक्टर पहुंच गए। उन्होंने देर रात तक ढाबा ना खोलने की चेतावनी दी, इसी दौरान जूनियर डॉक्टर और इंस्पेक्टर के बीच विवाद हो गया।
वीडियो हो रहा वायरल
हरीपर्वत इंस्पेक्टर और जूनियर डॉक्टरों के बीच हुई नोंकझोक का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें इंस्पेक्टर देर रात तक ढाबा ना खोलने की हिदायत दे रहे हैं, इस पर जूनियर डॉक्टर कह रहे हैं कि रात दो बजे आपरेशन करने के बाद आए हैं यहां खाना नहीं मिलेगा तो कहां खाएंगे। रात में इंस्पेक्टर और जूनियर डॉक्टरों के बीच काफी देर तक नोंकझोक होती रही, वीडियो में एसएन के मेडिसिन विभाग के डॉक्टर भी दिखाई दे रहे हैं, उन्होंने मामला शांत कराया।