आगरालीक्स ..अब आगरा से मुंबई और आगरा से दिल्ली राजधानी से सप्ताह में चार दिन यात्रा कर कसेंगे। दिल्ली से मुंबई तक चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस सप्ताह में चार दिन चलेगी। पहले यह दो दिन चलती थी।
हजरत निजामुद्दीन से मुंबई के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 22222 व मुंबई सेंट्रल से निजामुद्दीन तक चलने वाली गाड़ी संख्या 22221 राजधानी एक्सप्रेस सप्ताह में पहले दो दिन चलती थीं। इसे चार दिन कर दिया गया है। दिल्ली से चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस मंगलवार, गुरुवार, शनिवार व रविवार को सात बजकर सात मिनट पर आगरा कैंट स्टेशन पहुंचेगी। यहां से यात्री मुंबई के लिए यात्रा कर सकेंगे।
चार दिन चलेगी राजधानी
वहीं, मुंबई से दिल्ली के लिए सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को ट्रेन चलेगी। ट्रेन के समय और स्टॉपेज में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
15 सितंबर को निरस्त रहेगी कैंट-ग्वालियर पैसेंजर
झांसी मंडल के धौलपुर-झांसी खंड में 15 सितंबर को अनुरक्षण कार्य के चलते चार घंटे व झांसी बीना खंड में तीन घंटे का मेगा ब्लॉक लिया गया है। झांसी खंड में मेगा ब्लॉक के चलते गाड़ी संख्या 51881 ग्वालियर-आगरा कैंट पैसेंजर व गाड़ी संख्या 51882 आगरा कैंट-ग्वालियर पैसेंजर निरस्त रहेगी। इसके चलते यात्रियों की सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 51832 आगरा कैंट-झांसी पैसेंजर को जरूरत पड़ने पर रीशेड्यूल किया जाएगा।