आगरालीक्स ..अयोध्या पर फैसला आने के बाद हालात बिगडने पर आगरा में दो अस्थायी जेल बनाई गई हैं। आगरा के हरीपर्वत क्षेत्र स्थित एमडी जैन इंटर कॉलेज और क्वीन विक्टोरिया कॉलेज में अस्थायी जेल बनाई गई है। इन जेलों में अराजक तत्वों को रखा जाएगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अस्थायी जेल बनाने के लिए जिला कारागार के अधीक्षक ने इस संबंध में प्रस्ताव अपर जिलाधिकारी नगर प्रभाकांत अवस्थी को भेजा है।
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि और बाबरी मस्जिद को लेकर सुप्रीम कोर्ट फैसला शनिवार को आ रहा है। असामाजिक तत्वों को पाबंद किया जा रहा है। इसके बाद भी माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को अस्थायी जेलों में कैद किया जाएगा।
इंटरनेट सेवा हो सकती है बंद
शुक्रवार को आगरा आए डीजीपी ओपी सिंह ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की, उनसे अयोध्या मामले पर आने वाले निर्णय को लेकर तैयारियों की जानकारी ली। प्रेसवार्ता में डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि अयोध्या मामले पर फैसले के समय इंटरनेट सेवा बन्द की जा सकती हैं। प्रदेश के आगरा सहित 21 संवेदनशील जिलों में इंटरनेट सेवा बंद की जा सकती हैं। इसके लिए केंद्र सरकार से अतिरिक्त फोर्स और पैरा मिलिट्री फोर्स मांगा गया है।
तीन दिन के लिए स्कूल और कॉलेज बंद
अयोध्या मामले पर आ रहे फैसले को देखते हुए आगरा के सभी स्कूल नौ से 11 नवंबर तक बंद कर दिए गए हैं। इसमें सभी सरकारी, कान्वेंट और मिशनरी स्कूल शामिल हैं, साथ ही कॉलेज भी बंद रहेंगे। नौ से 11 नवंबर तक स्कूल और कॉलेज बंद किए गए हैं।
आगरा में ड्रोन कैमरे से निगरानी
अयोध्या पर आ रहे निर्णय को देखते हुए आगरा में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग अलग क्षेत्रों में पुलिस और जिला प्रशासन ने बैठक की, संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है।