आगरालीक्स.. आगरा के डॉक्टर और पैथोलॉजी लैब संचालकों में खलबली, अब नगर निगम, एमजी रोड पर स्मार्ट लैब में सस्ती दर पर खून, पेशाब, लिवर सहित 1700 जांच की सुविधा।
स्मार्ट सिटी के तहत आगरा में
स्मार्ट हेल्थ सेंटर(मोहल्ला क्लीनिक) शुरू किए जा रहे हैं। इसी के तहत नगर निगम परिसर, एमजी रोड पर अत्याधुनिक सुविधाओं वाली लैब शुरू की गई है। यहां मरीज अपने स्वास्थ्य का परीक्षण, बीमारी से संबंधित सभी प्रकार की जांच सरकारी दरों पर की जाएगी। साथ ही जन औषधि केंद्र से कम कीमत पर दवाइयां भी मिलेंगी।
दो मिनट में रिपोर्ट, चार करोड की मशीन
लैब में 700 प्रकार की रक्त व स्वास्थ्य से संबंधित जांच होंगी। लैब में मरीज को दो मिनट में जांच रिपोर्ट मिल जाएगी। एक घंटे में 1800 मरीजों की जांच होगी। देश में केडी हॉस्पिटल मुम्बई के बाद आगरा में दूसरी अत्याधुनिक लैब है।
इसमें लगी मशीनें यूएस की है। इनकी कीमत 4 करोड़ 80 लाख रुपये है।
10 जगहों पर स्मार्ट हेल्थ सेंटर
स्मार्ट हेल्थ सेंटर (मोहल्ला क्लीनिक) योजना के तहत अभी 10 स्थानों पर ऐसे ही सेंटर खोले जाने हैं। नगर निगम एमजी रोड, आवास विकास परिषद सिकंदरा और खंदारी हनुमान चौराहे पर स्मार्ट हेल्थ सेंटर का कार्य चल रहा है। नगर निगम एमजी रोड पर बन रहे हेल्थ सेंटर पर जल्द ही ओपीडी की शुरुआत हो जाएगी। यहां एमबीबीएस चिकित्सक मरीजों का इलाज करेंगे।