आगरालीक्स..आगरा में कार में 11 वीं की छात्रा के साथ गैंगरेप के मामले के मुख्य आरोपी स्कूल संचालक दीपक धनगर ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी, शुक्रवार को आरोपित स्कूल संचालक दीपक धनगर ने विशेष न्यायाधीश पॉक्सो की कोर्ट में समर्पण कर दिया।
यह है मामला
आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में 11 वीं की छात्रा के साथ 15 अगस्त को कार में रेप किया, उसकी अश्लील फोटो लेने के बाद अपने दोस्तों में वायरल कर दी। इसके बाद पांच लोगों ने उसे ब्लैकमेल करके उसके साथ दुष्कर्म किया। थाना जगदीशपुरा पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर बदलवा कर छेड़छाड़ में मुकदमा दर्ज कर लिया। मामला जब सुर्खियों में आया तो अधिकारियों के आदेश पर गैंगरेप का मुकदमा दर्ज हुआ।
चार जा चुके हैं जेल
आईजी ए सतीश गणेश ने मामले की जांच एसपी पूर्वी प्रमोद कुमार को दी। जांच में थाना पुलिस को दोषी पाया गया। वहीं पुलिस ने मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। लेकिन पांचवें आरोपित को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पांचवां आरोपी सपा नेता महाराज सिंह धनगर का बेटा दीपक धनगर है। लगातार फरार रहने पर पुलिस ने उसके खिलाफ 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया।
सीओ लोहामंडी चमन सिंह चावड़ा ने बताया कि कुर्की पूर्व के आदेश हो चुके हैं। बुधवार को इलाके में मुनादी कराई जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।