आगरालीक्स …आगरा में हाईवे पर बेसहारा पशु से हादसा होता है तो जिम्मेदारों पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। गोशाला में क्षमता के अनुरूप बेसहारा पशु न रखने व उनके खाने की पर्याप्त व्यवस्था न करने वाले मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। संबंधित डीएम का दायित्व है कि वह गोशालाओं का औचक निरीक्षण करे।
बुधवार को कमिश्नर अनिल कुमार ने मण्डलीय विकास कार्यों, कर, राजस्व व शांति व्यवस्था की समीक्षा बैठक की, उन्होंने कहा कि सड़कों पर बेसहारा पशु घूम रहे है, जिससे अप्रिय घटना होने का खतरा रहता है। विभागीय अधिकारी की जिम्मेदारी है कि वे इन्हें सड़कों से आश्रय स्थल में भेजें। नगर निगम, जिला पंचायत व ग्राम पंचायत गो आश्रय स्थल के लिए तत्काल स्थान चिहिन्त करे ताकि सड़कों पर बेसहारा पशु दिखाई न दे।
अधिकारी अपने कार्यालय में सुबह 09:30 बजे से 10:30 बजे तक जनसुनवाई करें। इसके पश्चात किसी कार्यालय या क्षेत्र का भ्रमण करें। विशेष तौर पर भू-माफिया के विरूद्ध प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाय। एसडीएम व बीडीओ अपने मुख्यालय पर ही निवास करें।