आगरालीक्स.. आगरा की साइंटिफिक पैथोलॉजी लैब के संचालक डॉ अशोक शर्मा और एचआर मैनेजर विनीता शर्मा पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मंगलवार को साइंटिफिक पैथोलॉजी लैब पर भ्रूण से लिया गया सैंपल गायब होने पर जमकर हंगामा हुआ। पीडित की तहरीर पर साइंटिफिक पैथोलॉजी लैब के संचालक डॉ अशोक शर्मा और एचआर मैनेजर विनीता शर्मा के खिलाफ थाना हरीपर्वत में 406, 504, 506, धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है।
रेशू रानी पत्नी संचित गर्ग निवासी अमरह रोड जटटारी अलीगढ का आगरा के स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ संध्या अग्रवाल का इलाज चल रहा है। उनके गर्भधारण होने के कुछ दिन बाद ही गर्भपात हो जाता है, दिसंबर में गर्भपात होने के बाद डॉ संध्या अग्रवाल ने भ्रूण की जेनेटिक जांच कराने के लिए कहा, संचित गर्ग का कहना है कि उन्होंने छह दिसंबर को साइंटिफिक पैथोलॉजी लैब, हरीपर्वत में क्राइयोटाइपिंग के लिए भ्रूण के सैंपल लिए, जांच के 5900 रुपये जमा कराए गए। उनसे 18 दिन बाद रिपोर्ट लेने के लिए कहा है।
नहीं दी रिपोर्ट, घंटों बिठाए रखा
संचित गर्ग का आरोप है कि 24 दिसंबर 2019 को वे रिपोर्ट लेने आए, उनसे कहा गया कि अभी रिपोर्ट नहीं आई है। वे मंगलवार को दोबारा लैब पर रिपोर्ट लेने के लिए पहुंचे। आरोप है कि उन्हें लैब पर घंटों बिठाए रखा।
खो गया सैंपल, जमकर हंगामा
कई घंटे इंतजार करने के बाद बताया गया कि सैंपल जांच के लिए दिल्ली भेजे गए थे, वहां वे खो गए। क्योंकि सैंपल भ्रूण से लिया गया था इसलिए दूसरा सैंपल भी नहीं लिया जा सकता था। इस पर परजिन भडक गए, लैब पर जमकर हंगामा किया।
जान से मारने की धमकी का आरोप
संचित गर्ग ने थाना हरीपर्वत में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि संचालक डॉ अशोक शर्मा और एचआर मैनेजर विनीता शर्मा ने अपना स्टाफ बुलाकर धक्के देकर बाहर निकाल दिया। जान से मारने की धमकी दी, इंस्पेक्टर हरीपर्वत अजय कौशल का मीडिया से कहना है कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है, जांच की जा रही है।
