आगरालीक्स… आगरा में सीएए की रैली में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में रहकर देश के खिलाफ नारेबाजी करने वालों पर देशद्रोह का मुकदमा लगाया जाएगा। उन्होंने सपा बसपा और कांग्रेस को आडे हाथ लिया, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा ने कांग्रेस को आडे हाथ लिया।
आगरा में गुरुवार को सीएए के सपोर्ट में आयोजित भाजपा की रैली में मुख्य वक्ता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा ने कहा कि आगरा से मेरा जुड़ाव है। इसलिए पार्टी का अध्यक्ष बनने के बाद पहली सभा भी आगरा में ही कर रहा हूं। ये कानपुर से बड़ी सभा है। कहा कि लम्हों ने खता की और सदियों ने सजा पाई। 2019 में 303 सांसद जीतकर आए, पीएम मोदी को ताकत मिली। उन्होंने इच्छाशक्ति दिखाई और आठ महीने में ही पुरानी समस्याओं को खत्म कर दिया। एक फैसला लिया गया था देश के बंटवारे का। इस फैसले ने 20वीं शताब्दी में सबसे ज्यादा नरसंहार किया। लोग लाखों की संपत्ति छोड़कर भारत आए। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने 18 दिसंबर 2003 में राज्यसभा में कहा था बांग्लादेश में हिंदुओं की प्रताड़ना हो रही और उन्हें भारत में बसाना चाहिए।
लियाकत और नेहरू पैक्ट
लियाकत और नेहरू के पैक्ट में यह तय हुआ था कि भारत में मुसलमानों की रक्षा भारत करेगा और पाकिस्तान में हिंदुओं की रक्षा पाकिस्तान सरकार करेगी। उस समय पाक में अल्पसंख्यकों की आबादी 23 फीसद थी और अब केवल तीन फीसद है। आजकल दलित नेताओं को देखकर दुख होता है कि सीएए पर राजनीति कर रहे हैं। भारत में 80 फीसद दलित हैं, जिन्हें नागरिकता प्रदान की जा चुकी है। कांग्रेस नागरिकता के मुद्दे पर मुस्लिमों को भड़का रही है। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे 10 लाइनें सीएए पर बोल दें तो हम मान जाएंगे। ये दल उत्तर प्रदेश और देश में दंगे फैलाने की साजिश रच रहे हैं। ये देश को अस्थिर करना चाहते हैं। सीएए से बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में प्रताडि़त हुए उन्हें भारत की नागरिकता देना तय हुआ है। 20 साल पहले कोई चिकित्सक भारत आया, वह यहां प्रेक्टिस नहीं कर सकता क्योंकि उसके पास पाकिस्तान की डिग्री है। वे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं ले सकतेे थे। अब उन्हें नागरिकता देने की व्यवस्था मोदी सरकार ने की है।
सीएम ने आडे हाथ लिया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस जिनकी लूट की दुकान बंद हो रही हैंं, वे सीएए पर भ्रम फैला रहे हैंं। कश्मीर में धारा 370 समाप्त होना आतंकवाद का खात्मा है। सीएम योगी ने कहा देश में रहकर देश के खिलाफ नारेबाजी करने वालों पर देशद्रोह का मुकदमा लगाया जाएगा।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अभी तो ये झंडा कश्मीर में लहराया है। जल्द ही पाक अधिकृत कश्मीर में भी भारतीय ध्वज लहराता नजर आएगा।
भीड जुटाने में छूटे पसीने, बीच सभा से जाने लगे कार्यकर्ता
कोठी मीना बाजार पर छह जिलों की 19 विधानसभा के कार्यकर्ता बुलाए गए थे। भीड जुटाने में भाजपा पदाधिकारियों के पसीने छूट गए। सभा शुरू होने के कुछ देर बाद ही कार्यकर्ताओं के जाने का सिलसिला शुरू हो गया।

गेट गिरा बाल बाल बचे
रैली स्थल पर छह प्रवेश द्वार बनाए गए थे, रैली के दौरान गेट गिरने से अफरा तफरी मच गई, कार्यकर्ता बाल बाल बच गए।