आगरालीक्स… आगरा में शादी में बवाल, दुल्हन के जीजा की गोली लगने से मौत हो गई। इस मामले में पांच नामजद सहित 10 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
आगरा में सोमवार रात को एत्माउददौला क्षेत्र में जसवंत नगर कॉलोनी निवासी राम निवास की बेटी मीनू की बारात आई थी। घर के बाहर ही शादी के लिए टेंट लगा हुआ था। इसी कॉलोनी के निवासी महावीर की बेटी पूजा की भी शादी थी, शादी का कार्यक्रम केला देवी मैरिज होम शाहदरा पर था। वहां से लोग बाइक से मैरिज होम जा रहे थे।
रात डेढ़ बजे मीनू का जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था। महावीर का बेटा प्रदीप और एक अन्य बाइक पर घर से आटा लेकर मैरिज होम जा रहे थे। टेंट में रामनिवास के घर आए बराती से उनकी बाइक टकरा गई। बरातियों ने दोनों की पिटाई कर दी। प्रदीप ने घरवालों को फोन कर दिया। बड़ी संख्या में लोग आ गए। दोनों परिवार के लोगों में मारपीट होने लगी। आरोप है कि महावीर पक्ष के लोग लाठी-डंडे और तमंचे लेकर आ गए।
फायरिंग कर दी। गोली मीनू के जीजा खंदौली के नगला नीम निवासी धीरज के पेट में लगी और वो गिर पड़े। धीरज की इलाज के दौरान मौत हो गई। थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक उदयवीर मलिक का कहना है कि तहरीर के आधार पर पांच नामजद और दस अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।