आगरालीक्स.. आगरा में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप एयरफोर्स वन विमान से खेरिया पर उतरेंगे, ताजमहल के पाश्र्व में युमना सुंदर दिखे, गंगाजल छोडा गया है, आगरा में एयरपोर्ट और यमुना पर बैराज होता तो इतने ताम झाम करने की जरूरत नहीं पडती।
आगरा में 24 फरवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया के साथ ताजमहल का दीदार करने के लिए आ रहे हैं, वे एयरफोर्स वन विमान से खेरिया एयरपोर्ट पर उतरेंगे। आगरा में वीवीआईपी के ताजमहल का दीदार करने के लिए आने का सिलसिला बना रहता है। यहां लंबे समय से एयरपोर्ट की मांग की जा रही है, इसके बाद सिविल एन्क्लेव बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया, यह भी कई तरह की बंदिश और पाबंदी के चलते तैयार नहीं हो पा रहा है। वहीं आगरा में बडी संख्या में पर्यटक ताजमहल का दीदार करने के लिए आते हैं, ऐसे में आगरा में एयरपोर्ट बनता है तो यहां के पर्यटन कारोबार को भी फायदा होगा और वीवीआईपी सहित पर्यटकों को आगरा आने में कोई समस्या नहीं आएगी।
यमुना पर बैराज से होगा फायदा
इसी तरह से लंबे समय से आगरा में यमुना पर बैराज की मांग की जा रही है, यहां बैराज बनने से ताजमहल के पाश्र्व में यमुना लबालब रहेगी, इससे यमुना की खूबसूरती से ताजमहल भी दमकेगा। वहीं, आगरा की प्यास भी बुझ सकेगी लेकिन अभी तक बैराज फाइलों में अटका हुआ है, इस बार बजट में यमुना बैराज के लिए बजट दिया गया है।