आगरालीक्स.. आगरा के कारोबारी को सवा करोड के सीमा शुल्क में फर्जीवाडे पर अरेस्ट किया गया है, शुक्रवार को उनकी जमानत याचिका खारिज हो गई, इस मामले की जांच चल रही है।
आगरा में बडी कार्रवाई की गई है। फुटवियर सेक्टर से जुड़े आयातक श्रॉफ इंपेक्स प्रा. लि. के निदेशक अनिल मगन को कागजातों में फर्जीवाड़ा कर सवा करोड़ रुपये की सीमा शुल्क की छूट लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच जारी है। कारोबारी से उक्त राशि के अलावा भारी भरकम जुर्माना और ब्याज आदि की वसूली की जाएगी। कहा जा रहा है कि आगरा परिक्षेत्र में यह पहली कार्रवाई है।
आरोप है कि श्रॉफ इंपेक्स ने मलेशिया से एक खेप का आयात किया। इसमें माल की मूल उत्पत्ति मलेशिया दिखाई। चूंकि भारत का आसियान (दक्षिण पूर्वी एशियाई राष्ट्रो का संगठन) से फ्री ट्रेड एग्रीमेंट है और मलेशिया इस समूह का सदस्य है, लिहाजा आयात में सीमा शुल्क की छूट मिलती है। इस छूट को हासिल करने के लिए आयातक ने कंट्री ऑफ ऑरिजिन के प्रमाण का सहारा लिया। जांच अधिकारी के अनुसार मलेशिया सरकार से इन दस्तावेजों की पुष्टि के लिए लिखा गया। जवाब में मलेशिया सरकार ने कहा कि प्रयोग किए गए कंट्री ऑफ ऑरिजिन के प्रमाण उनके यहां से जारी नहीं किए गए। एवं फर्जी हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अब इस तरह की जांच आगे भी चलेगी। निर्यात के साथ लगाए जाने वाले दस्तावेजों के साथ आयात के दस्तावेजों की पूरी पड़ताल की जाएगी।
कस्टम एक्ट की धारा 104 के तहत अरेस्ट
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विभाग के विभाग के आयुक्त वीपी शुक्ला ने कस्टम एक्ट की धारा 104 के तहत श्रॉफ इंपेक्स प्रा. लि. के निदेशक अनिल मगन को अरेस्ट करने के आदेश दिए। उन्हें अरेस्ट कर चार मार्च को कोर्ट में पेश किया गया, वहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। छह मार्च को उनकी जमानत याचिका खारिज हो गई।