आगरालीक्स …आगरा में कोरोना संक्रमित गर्भवती महिला की डिलीवरी, गुर्दा रोगियों की डायलिसिस, आपरेशन हो सकेंगे, कोविड हॉस्पिटल में यह सभी सुविधाएं दी जाएंगी। एसएन की नई बिल्डिंग में 100 बेड का कोविड हॉस्पिटल शुरू किया गया है। शुक्रवार से एसएन इमरजेंसी में भर्ती मरीजों को कोविड हॉस्पिटल में शिफ्ट किया जाएगा।
आगरा में कोरोना के 172 केस आ चुके हैं, इसमें गंभीर मरीज भी हैं। इन मरीजों का अलग से इलाज कराने के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज की एमसीएच बिल्डिंग में 100 बेड का कोविड हॉस्पिटल शुरू किया गया है। इस हॉस्पिटल में डायलिसिस, डिलीवरी और आपरेशन की सुविधा है। साथ ही आईसीयू भी बनाया गया है। इस कोविड हॉस्पिटल में सभी मरीजों को इलाज मिल सकेगा। शुक्रवार को एसएन इमरजेंसी में भर्ती कोरोना संक्रमित मरीजों को कोविड हॉस्पिटल में शिफ्ट किया जाएगा।
एसएन के 3 जूनियर डॉक्टर और 5 वार्ड बॉय पॉजिटिव
कोरोना से एसएन के जूनियर डॉक्टर भी संक्रमित हो चुके हैं। एसएन के तीन जूनियर डॉक्टरों में कोरोना की पुष्टि हुई है। वहीं, यहां काम कर रहे पांच वार्ड बॉय भी कोरोना पॉजिटिव हैं। इसके बाद एसएन प्रशासन प्लानिंग में जुट गया है, जिससे किसी को भी समस्या ना हो।
24 घंटे ओपीडी
एसएन की एमसीएच बिल्डिंग में 24 घंटे ओपीडी सुविधा भी शुरू की गई है, यहां मरीज परामर्श ले सकेंगे। इसकी व्यवस्था भी की जा रही है।
सभी मरीजों की कोरोना की जांच
एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती सभी मरीजों की कोरोना जांच कराई जाएगी, सांस संबंधी समस्या से पीडित मरीजों को क्वारंटाइन में भर्ती कर सैंपल दिलवाए जा रहे हैं। जिससे कोरोना संक्रमित होने पर अलग किया जा सके।