आगरालीक्स …आगरा में कोरोना के केस बढने पर सख्ती, दुकानें बंद कराईं, पढे अब सब्जी, फल, दूध के साथ ही खाद्य सामग्री कैसे मिलेगी।
आगरा में कोरोना के केस बढकर 255 हो चुके हैं, छह मौत हो गईं हैं और लगातार नए केस सामने आ रहे हैं। सब्जी विक्रेताओं के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद सिकंदरा थोक मंडी बंद करा दी है। डीएम प्रभु एन सिंह ने 20 अप्रैल से और सख्ती के आदेश दिए हैं। ऐसे में सोमवार सुबह हर क्षेत्र में पुलिस ने सख्ती कर दी है, दुकानें ना खोलने के लिए कहा है। लोगों से कहा जा रहा है कि वे अपने घर पर ही रहें, बाहर निकलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पास धारक ही बेच सकेंगे सब्जी, नई जगह मंडी का संचालन
सिकंदरा थोक मंडी बंद करा दी है, इसे सैनेटाइज कराया जाएगा। सब्जी और फल मंडी को दूसरी जगह शिफ्ट करने की कवायद चल रही है। वहीं, नई व्यवस्था के तहत फल और सब्जी विक्रेता की संख्या कम की जा रही है, इनकी स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके बाद पास जारी किए जाएंगे, पास धारक ही सब्जी बेच सकेंगे। इसी तरह से दूध की सप्लाई भी डोर स्टेप होगी, खाद्य सामग्री भी डोर स्टेप सप्लाई की जाएगी। लोग अपने घर से बाहर नहीं निकल सकेंगे।

दवाओं के लिए भी डोर स्टेप डिलीवरी
थोक दवा की दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद से खलबली मची हुई है। सोमवार को थोक दवा बाजार में साप्ताहिक बंदी रहती है, मंगलवार से क्या करना है, इस पर निर्णय लिया जाएगा। ऐसे में दवाओं की सप्लाई के लिए भी डोर स्टेप डिलीवरी की कवायद चल रही है, इसके लिए दवा विक्रेताओं की एसोसिएशन से चर्चा की गई है।
