आगरालीक्स.. आगरा का डीईआई देश के शीर्ष शैक्षिक संस्थानों में 82 वें स्थान पर है, दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट को यूनिवर्सिटी के साथ-साथ इंजीनियरिंग कैटेगिरी में 102वां स्थान मिला है।
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल ने ऑनलाइन माध्यम से नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) की साल 2020 की रैंकिंग की सूची जारी की। एनआईआरएफ ने देशभर के उच्च शिक्षण संस्थानों को 10 श्रेणियों में रैंकिंग दी है।
इसमें ओवरऑल, डेंटल, यूनिवर्सिटी, इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, फार्मेसी, कॉलेज, मेडिकल, लॉ, आर्किटेक्चर शामिल हैं। शिक्षा अधिगम, परिणाम, संसाधन, शिक्षण स्तर सहित विभिन्न मापदंडों के आधार पर संस्थानों का मूल्यांकन व समीक्षा की गई। इसके आधार पर उन्हें रैंकिंग दी गई। शहर के दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट को यूनिवर्सिटी कैटेगिरी में 82वां स्थान प्राप्त हुआ है। डीईआई को 41.21 स्कोर दिया गया है। हालांकि दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट अपनी पिछली साल की रैंकिंग को नहीं बचा पाया है। एनआईआरएफ-2019 में डीईआई की यूनिवर्सिटी कैटेगिरी में रैंकिंग 77वीं थी। उस समय संस्थान का स्कोर 40.24 था। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट को यूनिवर्सिटी के साथ-साथ इंजीनियरिंग कैटेगिरी में 102वां स्थान मिला है।