आगरालीक्स… आगरा में गारमेंट हब के लिए 110 कारोबारी आगे आए हैं, इन्होंने गारमेट हब कहां विकसित किया जाए, कितने लोगों को नौकरी देंगे, यह भी साझा किया है।
आगरा में गारमेंट हब प्रस्तावित किया गया है, इस गारमेंट हब में देश विदेश के लिए कपडे और बदलते दौर की फैशन के हिसाब से गारमेंट तैयार किए जाएंगे। गारमेंट हब में आगरा के कारोबारियों की कितनी दिलचस्पी है इसके लिए डिमांड सर्वे कराया गया, यानी कारोबारियों से पूछा गया कि क्या आप आगरा में प्रस्तावित गारमेंट हब में अपनी गारमेंट इंडस्ट्री खोलना चाहेंगे, यदि ऐसा चाहते हैं तो गारमेंट हब कहां बनना चाहिए, कितनी बडी दुकान हो, क्या आप किराए पर दुकान लेना चाहेंगे या खरीदना और क्या रेट होने चाहिए। इस पर 164 कारोबारियों ने डिमांड सर्वे में आनलाइन पफॉर्म भरे, इसमें से 110 ने गारमेंट हब के लिए फॉर्म भरा, 54 ने अन्य इंडस्ट्री के लिए फॉर्म भरा है।
नेशनल चैम्बर आफ काॅमर्स एण्ड इण्डस्ट्रिज के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल एवं चैम्बर के विधिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष के0सी0 जैन ने बताया कि डिमांड सर्वे में चार दिन में ही 164 कारोबारियों ने फॉर्म भरे हैं, इसमें से 67.1 प्रतिशत यानी 110 उद्यमी गारमेन्ट उद्यम लगाना चाहते हैं व शेष जूता, इन्जीनियरिंग कम्पोनेन्ट कालीन व दरी कृषि यंत्र आदि के उद्योग स्थापित करना चाहते हैं।
उद्यमियों को अपना उद्योग स्थापित करने के लिए कितनी भूमि की आवश्यकता है उसे लेकर सर्वे में निकलकर निम्न बात आयीः-
500 वर्गमीटर – 11.6%
500 से 1000 वर्गमीटर – 23.2%
1000 से 2000 वर्गमीटर – 24.4%
2000 से 4000 वर्गमीटर – 23.2%
4000 से 10000 वर्गमीटर – 12.2%
10000 से 20000 वर्गमीटर एवं 20000 से अधिक – 5.4%
कहां स्थापित किया जाए गारमेंट हब
सर्व में उद्यमियों से इण्डस्ट्रियल क्लस्टर के लोकेशन की बात पूछी तो अधिकांश उद्यमियों द्वारा इनर रिंग रोड पर स्थित थीम पार्क वाले स्थल का चयन किया गया और उसके बाद जयपुर रोड स्थित लैदर पार्क का व बहुत कम लोगों ने निजी भूमि पर कलस्टर बनाने की बात कही। सर्वे के नतीजे इस प्रकार थेः-
रिंग रोड पर स्थित थीम पार्क – 78.7%
जयपुर रोड पर स्थित लैदर पार्क – 15.2%
निजी भूमि – 6.1%
क्या होनी चाहिए भूखंड की दर
सर्वे में इस प्रश्न का उत्तर कि उद्यमी औद्योगिक भूखण्ड के लिये क्या दर दे सकते है तो 76.2 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने औद्योगिक भूखण्ड की दर 3000.00 तक ही होनी चाहिये कहा। 13.4 प्रतिशत ने औद्योगिक भूमि की दर 3000 से 4500 तक की दर की स्वीकृति दी। शेष 10.4 प्रतिशत ने अधिक दर देने के लिये तैयारी दिखायी।
उद्यमी कितने लोगों को रोजगार देंगे इसका उत्तर इस प्रकार आया कि 59.1 प्रतिशत उद्यमी 50 लोगों तक को रोजगार देंगे। जबकि 23.8 प्रतिशत प्रत्येक उद्यमी 50 से 100 व्यक्तियों तक को रोजगार देगा। शेष 17.1 उत्तरदाताओं ने और अधिक लोगों को रोजगार देने की बात कही। औद्योगिक क्लस्टर में क्या-क्या सुविधायें होनी चाहिये उसके जवाब में 70.7 प्रतिशत ने श्रमिकों के आवास की व्यवस्था क्लस्टर में करने को कहा।
सर्वे में उद्यमियों से यह भी पूछा गया कि क्या वे औद्योगिक भूखण्ड को खरीदना चाहेंगे या किराये पर लेना चाहेंगे। 86.6 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने खरीदने की बात रखी। शेष 13.4 प्रतिशत लोगों ने ही किराये पर लेने की बात कही।