आगरालीक्स… आगरा में आठ घंटे बाद दो दिन का मिनी लॉकडाउन लग जाएगा। त्योहारों को नजदीक देखकर बाजारों में शुक्रवार को भीड रही। घने बाजारों में वाहनों के कारण जाम की स्थिति का भी सामना करना पड़ा। डीएम ने भी मिनी लॉकडाउन को देखते हुए बाजारों मे लोगों से कम निकलने और समय से खरीदारी करने की हिदायत दी है।

शुक्रवार रात दस बजे 55 घंटे के मिनी लॉकडाउन को देखते हुए सुबह से आज बाजारों में भीड़ रही। शहर के बेलनगंज, सर्राफा, फुव्वारा, किनारी बाजार, रावतपाड़ा, शाहगंज में जाम की स्थिति रही। शनिवार व रविवार को दूध, दवा की फुटकर दुकानों के अलावा शराब की दुकानें खुलेंगी। बाकी बाजार पूरी तरह से बंद रहेगा।

वहीं, डीएम प्रभु नारायण सिंह ने कहा है कि लोग बाजारों में बिना वजह नहीं निकलें। अपनी आवश्यकता की वस्तुओं की खरीदारी समय से कर लें। मास्क का प्रयोग करें। उन्होंने दुकानदारों को भी हिदायत दी है कि वह सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सख्ती से कराएं, मास्क और सेनेटाइजेशन की पूरी व्यस्था को दुरुस्त रखें। नियमों का उल्लंघन करने पर दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई के साथ बाजार बंद की कार्रवाई भी अमल में लाई जा सकती है।
