नईदिल्लीलीक्स… बिहार विधानसभा की 243 सीटों तथा मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात औऱ उत्तराखंड की 56 सीटों पर हुए उपचुनावों के मतों की गिनती शुरू हो गई है। प्रारंभिक रुझानों के मुताबिक बिहार में एनडीए को बहुमत से ज्यादा सीटें मिलती दिख रही हैं। हालांकि चुनाव आयोग के मुताबिक अभी महज 20 फीसदी वोटों की ही गिनती हुई है।
एमपी में आठ सीटों पर भाजपा पीछे
मध्यप्रदेश में 28 सीटों पर हुए उपचुनावों में ग्वालियर-चंबल संभाग की 16 में में से आठ सीटों पर भाजपा प्रत्याशी पीछे चल रहे हैं। यह सभी सीटें ग्वालियर के महाराजा ज्योर्तिदित्य सिंधिया के प्रभाववाली सीटें मानी जा रही हैं। मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह सरकार को सत्ता में बरकरार रहने के लिए आठ सीटों पर जीत दर्ज करनी होगी।
यूपी में भाजपा को पांच, सपा को दो सीटों पर बढ़त
उत्तर प्रदेश में सात सीटों पर हुए उपचुनावों में भाजपा को पांच तथा सपा को दो सीटों पर बढ़त मिली हुई है। उप्र की टूंडला, अमरोहा की नौगवां, कानपुर नगर की घाटमपुर, उन्नाव की बांगरमऊ, जौनपुर की मलह्नी, देवरिया सदर के अलावा बुलंदशहर सीट पर भी उपचुनाव हुआ है।