आगरालीक्स…कैनबरा में खेले जा रहे पहले टी-20 में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रलिया को 11 रन से दी मात…जडेजा, राहुल, चहल का शानदार प्रदर्शन.
टीम इंडिया ने दिया 162 रन का लक्ष्य
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कैनबरा में खेले गए पहले टी 20 मैच में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 11 रन से हराकर 3 मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है. ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया. ऑस्ट्रेलिया का यह निर्णय सही भी साबित हुआ और स्टार्क ने 1 रन के निजी स्कोर पर शिखर धवन को बोल्ड कर दिया. इसके बाद विराट कोहली भी कुछ खास नहीं कर पाए और मिशेल स्विपसन ने उन्हें 9 रन के निजी स्कोर पर अपना शिकार बनाया. शानदार फार्म में चल रहे केएल राहुल ने इस मैच में भी 51 रन बनाए. संजू सैमसन के साथ उन्होंने अच्छी साझेदारी की लेकिन मोइसेस हेनरिक्स ने पहले संजू सैमसन को 23 और फिर इसके बाद केएल राहुल को आउट कर दिया. इससे पहले एडम जंपा ने मनीष पांडे को 2 रन पर कैच आउट करवा दिया. हार्दिक पांडया और जडेजा ने पारी को संभाला लेकिन मोइसेस हेनरिक्स ने एक बार फिर शानदार खेल दिखाते हुए पांडया को स्मिथ के हाथों कैच आउट करवा दिया. हार्दिक पांडया 16 रन ही बना सके. जडेजा ने इसके बाद अंतिम ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी की और 23 गेंदों में 44 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर 161 तक पहुंचा दिया.
चहल, नटराजन ने की शानदार गेंदबाजी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने शुरू से ही तेवर दिखाए और पहले विकेट के लिए 7.4 ओवर में 56 रन जोड़ लिए. ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट कप्तान फिंच का गिरा जो कि जडेजा की जगह बॉलिंग करने आए चहल की गेंद पर 35 रन बनाकर आउट हो गए. चहल ने इसके बाद जल्द ही स्टिव स्मिथ और मैथ्यू वेड को अपना शिकार बनाया. डेब्यू मैच खेल रहे टी नटराजन ने ग्लैन मैक्सवेल को 2 रन और सलामी बल्लेबाज शॉर्ट को 34 रन के स्कोर पर चलता कर दिया. नटराजन ने इसके बाद स्टार्क को शानदार बोल्ड भी मारा. इधर दीपक चाहर ने मोइसेस हेनरिक्स को आउट कर दिया. अंतिम ओवर में ऑस्ट्रेलिया के 27 रन की जरूरत थी लेकिन वह 15 रन ही बना सकी और 11 रन से पहला मैच हार गई. भारत की ओर से चहल ने 3, नटराजन ने 3 और दीपक चाहर ने 1 विकेट लिया.