आगरालीक्स.. आगरा से नोएडा के बीच यमुना एक्सप्रेस वे पर दो महीने के लिए वाहनों की स्पीड कम की जा रही है, कार की स्पीड 80 और भारी वाहनों की स्पीड 60 से अधिक नहीं होगी, ऐसा कोहरा के कारण किया जा रहा है। यमुना एक्सप्रेस वे पर 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक वाहन कम स्पीड पर ही चलेंगे, इसका उल्लंघन करने पर चालान किया जाएगा।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह का कहना है कि कोहरे में यमुना एक्सप्रेस वे पर हादसो होते हैं, इसकी रोकथाम के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। इसी के तहत कोहरे के दौरान वाहनों की गति सीमित की जा रही है, अभी एक्सप्रेस वे पर कार के लिए अधिकतम 100 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड है।
यमुना एक्सप्रेस वे से यात्रा करने वालों को दी जाएगी जानकरी
यमुना एक्सप्रेस वे से वाहन चालकों को स्पीड कम किए जाने की जानकारी दी जाएगी, इसके लिए यमुना एक्सप्रेस वे पर आगरा और नोएडा एंट्री प्वाइंट पर स्पीड कम किए जाने की जानकारी दी जाएगी। साथ ही वाहन चालकों को नींद ना आए, इसके लिए टोल प्लाजा पर चाय दी जाएगी।
सोमवार को कोहरे के चलते भिडे 50 वाहन
सोमवार को सुबह कोहरा छाने से यमुना एक्सप्रेस वे और ईस्टर्न पेरिफेरल पर भीषण हादसा हुआ, इसमें 50 वाहन भिड गए, दो की मौत हुई और तमाम लोग घायल हो गए।