आगरालीक्स…आगरा में बैंक में घुसे हथियारबंद बदमाश, बाथरूम में बंद किया स्टाफ और ले गए 56.98 लाख रुपये..नाकाबंदी
रोहता स्थित बैंक में घुसे बदमाश
आगरा में मंगलवार को बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दे डाला. थाना सदर के रोहता स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक में मंगलवार शाम पांच बजे बैंक बंद होने का टाइम होने वाला था. ग्राहक जा चुके थे और सारे काम बैंक स्टाफ ने निपटा लिए थे और थोडी ही देर में जाने की तैयार में थे कि तभी चार बदमाश बैंक में घुस गए. इनमें से कुछ के हाथ में तमंचे थे तो किसी के हाथ में चाकू. बैंक स्टाफ इससे पहले कि कुछ समझ पाता तब तक चारों बदमाशों ने सभी को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया और उनके मोबाइल अपने पास ले लिए.
बाथरूम में कर दिया सभी को बंद
बदमाशों ने इसके बाद स्ट्रांग रूम खुलवा लिया और उसके अंदर रखे 56.98 लाख रुपये निकाल लिए. बदमाशों ने स्टाफ के सभी सदस्यों को इसके बाद बाथरूम में बंद कर दिया. बैग में रुपये रखे और बाहर खडी दो बाइकों से चारों बदमाश थोडी ही देर में भाग निकले. स्टाफ के लोगों ने किसी तरह इसकी जानकारी पुलिस को दी तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई.
पुलिस ने की नाकाबंदी, बदमाशों की तलाश
एडीजी अजय आनंद, आइजी ए सतीश गणेश और एसएसपी बबलू कुमार समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए. शहर की नाकाबंदी कर दी गई है. बदमाशों की तलाश की जा रही है. बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी को चेक किया जा रहा है. पुलिस ने बदमाशों को पकडने के प्रयास तेज कर दिए हैं.