नईदिल्लीलीक्स… गणतंत्र दिवस के मौके पर मंगलवार कोकिसान ट्रैक्टर रैली के दौरान दिल्ली में हुई हिंसक वारदातों पर दिल्ली पुलिस ने एक्शन शुरू कर दिया है। पुलिस ने उपद्रवियों के विरुद्ध दो दर्जन एफआईआर दर्ज कर ली हैं। अब तक दो सौ से ज्यादा उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कल रात उच्च अधिकारियों के साथ वार्ता की थी और आज भी उच्चस्तरीय विचार-विमर्श जारी है।
केंद्रीय मंत्री पटेल लाल किला पहुंचे
लालकिले पर मंगलवार को हुई हिंसक वारदातों और तोड़फोड़ में हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्रीय पर्यटन मंत्री प्रहलाद पटेल आज लालकिला पहुंचे। यहां कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया है। एसी तोड़ दिए गए हैं। रेलिंग और टिकट विंडो भी ध्वस्त कर दी गई है।
सीआरपीएफ के डीजी गृहमंत्रालय पहुंचे
कल की हिंसक घटनाओं के बारे में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कल ही देर रात उच्चस्तरीय बैठक की। आज भी गृह मंत्रालय ने कल की हिंसा पर लगातार विचार विमर्श किया जा रहा है। सीआरपीएफ के डीजी आज सुबह गृहमंत्रालय पहुंचे हैं, जहां गृह सचिव अजय भल्ला को लालकिले की घटना की जानकारी देंगे।
पुलिस ने कई रास्ते बंद किए
मंगलवार को हुई हिंसक वारदातों के बाद बंद किए गए तमाम रास्तों को देर रात खोल दिया गया था लेकिन आईटीओ से दीनदयाल उपाध्याय मार्ग, जो कनॉट प्लेस की तरफ जाता है, को बंद कर दिया है। साथ ही आरटीओ चौराहे से इंडिया गेट जाने वाला रास्ता भी बंद कर दिया है। मिंटो रोड से कनॉट प्लेस जाने वाला रास्ता भी बंद है।
गाजियाबाद का रास्ता भी बंद
उधर, दिल्ली से गाजियाबाद या गाजियाबाद से दिल्ली जाने वालों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। एनएच-9 और एनएच-24 को भी सुरक्षा के लिहाज से बंद कर दिया गया। इसके अलवा कालिंदी कुंज से नोएडा जाने वाली सड़क की दो लेन भी बंद कर दी गई हैं।