आगरालीक्स…(10 July 2021 Agra News) आगरा में तीन माह बाद जगन्नाथ जी देंगे दर्शन. रविवार को नयन उत्सव में बहन सुभद्रा और भाई बलराम के साथ होंगे श्रीहरि
- रविवार, दोपहर 12 बजे राजभोग आरती में होंगे श्रीजगन्नाथ जी के दर्शन, संग होंगी बहन सुभद्रा और भाई बलराम
- भक्तजन शाम चार बजे से रात 9.30 बजे तक कर सकेंगे श्रीजगन्नाथ जी के दर्शन
- 12 जुलाई को विग्रह स्वरूपों के साथ प्रतीकात्मक रूप से मंदिर परिसर में ही निकलेगी श्रीजगन्नाथ रथयात्रा
नयन उत्सव में तीन माह बाद दर्शन देंगे श्रीहरि
रविवार को नयन उत्सव में तीन माह बाद बहन सुभद्रा और भाई बलराम के साथ भक्तों को दर्शन देंगे श्रीहरि. प्रतिवर्ष श्रीहरि के बीमार होने के कारण मंदिर के पट बंद रहने की अवधी 15 दिन की होती है, लेकिन इस वर्ष कोरोना के कारण तीन माह बाद मंदिर के पट भक्तों के लिए नयन उत्सव में खुलेंगे. पिछले वर्ष भी भक्तों ने नयन उत्सव में श्रीहरि के दर्शन ऑनलाइन किए थे। रविवार को दोपहर 12 बजे 300 प्रकार के राजभोग संग विशेष आरती में फूल बंगला सहित मंदिर परिसर को भी फूलों से सजाया जाएगा।
नयानोत्सव में होंगी 4 विशेष आरती
श्रीजगन्नाथ मंदिर आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप ने बताया कि आषाढ माह की प्रतिपदा तिथि पर आयोजित होने जा रहे नयन उत्सव में दोपहर 12 बजे सिर्फ मंदिर परिसर के भक्त ही राजभोग आरती में भाग लेंगे। कोरोना की गाइड लाइन को ध्यान में रखते हुए अन्य भक्तों के लिए शाम 4 बजे से रात 9.30 बजे तक दर्शन उपलब्ध होंगे। नयनोत्सव में चार विशेष आरती ( दोपहर 12 बजे राजभोग आरती, शाम 4.30 बजे उत्थापन आरती, शाम 7 बजे गौर आरती, रात 9 बजे शयन आरती जाएंगी। इस्कान आगरा के अध्यक्ष अरविन्द दास ने बताया कि कोरोना के कारण 12 जुलाई को विग्रह स्वरूपों के साथ श्रीजगन्नाथ यात्रा का आयोजन प्रतीकात्मक रूप से किया जाएगा। इस अवसर पर विशेष रूप से राहुल बंसल, कान्ता प्रसाद अग्रवाल, विमल नयन फतेहपुरिया, शैलेन्द्र अग्रवाल, आशू मित्तल, स्वाति अग्रवाल, ओमप्रकाश अग्रवाल, त्रिलोकचंद अग्रवाल, गोपाल नारायण, ललित माधव, रतन, सनातन गौरांग आदि उपस्थित थे।
गुंडिचा मार्जन में भक्तजन दे रहे सहयोग
रथयात्रा आयोजन के लिए गुंडिचा मार्जन आयोजन में रथयात्रा मार्ग व मंदिर परिसर की विशेष साफ सफाई की जा रही है। जिसमें भक्तजन भी सहयोग कर रहे हैं। नयन उत्सव में श्रीहरि 15 दिन के विश्राम के बाद अपने सिंहासन पर विराजेंगे। जहां भक्तजनों द्वारा प्रभु के आगमन पर उनके स्वागत में विशेष साफ सफाई व साज सज्जा कर सुंदर रूप दिया जा रहा है।