आगरालीक्स (..Agra News 19th July)आगरा में ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर बनाए जा रहे ग्रेटर आगरा के लिए एडीए 3500 करोड निवेश करे गा, इसके लिए छह बैंक लोन देने के लिए तैयार हैं, यहां मेडिसिटी से लेकर आवासीय और व्यवसायिक काम्प्लेक्स तैयार किए जाएंगे।
आगरा में इनर रिंग रोड के आस पास 612 हेक्टेयर जमीन पर ग्रेटर आगरा बसाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लिए किसानों से जमीन का अधिग्रहण किया जाना है, इसके लिए एडीए को किसानों को 500 करोड रुपये देने हैं लेकिन एडीए के पास पैसा नहीं है। ऐसे में एडीए को लोन देने के लिए छह बैंकों ने संपर्क किया है, एडीए बैंक से 500 करोड का लोन लेगी, जिससे किसानों को मुआवजा देकर ग्रेटर आगरा के प्रोजेक्ट को आगे बढाया जा सके।
3500 करोड एडीए करेगा निवेश, आवासीय और व्यवसायिक भूखंड से होगी आमदनी
इनर रिंग रोड के पास प्रस्तावित ग्रेटर आगरा प्रोजेक्ट के लिए एडीए करीब 3500 करोड रुपये निवेश करेगा। यहां सुविधाएं विकसित करने के बाद आवासीय और व्यवसायिक भूखंड की बिक्री की जाएगी, इससे एडीए की भी आमदनी होगी। यहां अलग से एक मेडिसिटी बनाने का भी प्रस्ताव है, जिससे बाहर से आने वाले लोग मेडिसिटी में इलाज करा सकें, हास्पिटल और क्लीनिक भी बनाए जाएंगे।