आगरालीक्स…(18 September 2021 Agra News) आगरा में इस बार भी नहीं निकलेगी रामबारात, नहीं सजेगी जनकपुरी. श्री रामलीला कमेटी ने इस बार भी आयोजन किया स्थगित. सिर्फ ऐसे होगा आयोजन
आगरा में होने वाला उत्तर भारत की ऐतिहासिक रामलीला महोत्सव लगातार दूसरी बार स्थगित कर दिया गया है. श्रीरामलीला कमेटी की ओर से लगातार दूसरे साल ये निर्णय लिया गया है जिसके तहत इस बार भी न तो रामबारात निकलेगी और न ही जनकपुरी महोत्सव का आयोजन शहर में होगा. कमेटी ने कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन के साथ बातचीत कर ये फैसला लिया है.कमेटी द्वारा इस बार प्रतीकात्मक रूप से ही रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा.
बता दें कि आगरा में होने वाली रामलीला उत्तर भारत की प्रसिद्ध महोत्सव है. इसे देखने के लिए लोग दूर—दूर से यहां पहुंचते हैं. एकादशी को जहां शहर में ऐतिहासिक रामबारात निकाली जाती है तो वहीं इसके बाद अगले तीन दिन तक शहर में जनकपुरी महोत्सव होता है. जिस एरिया में जनकपुरी सजाई जाती है उस एरिया को आकर्षक लाइटस से सजाया जाता है. 140 साल से चली आ रही इस ऐतिहासिक परंपरा को कोरोना महामारी के कारण विराम लगा था. इस बार भी इसका आयोजन स्थगित किया गया है. कमेटी की ओर से मन: कामेश्वर मंदिर स्थित बारहदरी में गणेश पूजन व मुकुट पूजन के आयोजन होंगे। इसके साथ ही 19 सितंबर से एक मास तक चलने वाला रामायण पाठ भी होगा.