आगरालीक्स(25th September 2021 Agra News)… आगरा में खाने के प्रतिष्ठित ब्रांड के नाम पर चलने लगीं फर्जी फर्म. मामा चिकन मामा फ्रैंकी ने दर्ज कराया मुकदमा.
पांडव नगर में चल रही थी शॉप
मामा चिकन मामा फ्रैंकी के मालिक हिमांशु सचदेवा ने शनिवार को बताया कि उनकी सदर बाजार में शॉप है। वह इसे काफी समय से संचालित कर रहे हैं। उन्होंने इस नाम से ट्रेडमार्क ले रखा है। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों वह किसी काम से पांडव नगर से गुजर रहे थे। वहां पर एक जगह उन्होंने अपनी ही फर्म के नाम से बोर्ड लगा देखा।

दुकान बंद करने की कहने पर दी धमकी, मांगी चौथ
उन्होंने बताया कि वह उस दुकान पर गए। वहां विजय कुमार और मनीष शर्मा निवासी रावली थाना रकाबगंज मिले। उन्होंने जब दोनों से उनकी फर्म के नाम पर बोर्ड लगाने के बारे में पूछा तो उन्होंने उन्हें धमकी दी। अभद्रता भी की। कहा कि अगर दुकान बंद करानी है तो पांच लाख रुपये दो। इसके बाद चौथ मांगने लगे।

थाना जगदीशपुरा में दर्ज कराया मुकदमा
इसके बाद उन्होंने थाना जगदीशपुरा में शिकायत की। कहा कि उनके ब्रांड के नाम का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। उनकी छवि धूमिल हो रही है। उन्होंने विजय कुमार और मनीष शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उनके खिलाफ धारा 420, 384, 504, 506 के अलावा ट्रेडमार्क अधिनियम के तहत 102 और 103 में मुकदमा दर्ज किया गया है। ऐसी दुकान को जल्द बंद कराने की मांग की है।
सिकंदरा में भी चल रही फर्जी फर्म
मामा चिकन मामा फ्रैंकी के राहुल सचदेवा ने बताया कि उनकी शॉप के नाम से सिकंदरा में भी ऐसी दुकानें चल रही हैं। उनके खिलाफ भी कार्रवाई के लिए पुलिस से जल्द संपर्क किया जाएगा।