आगरालीक्स (25th September 2021 Agra News)… आगरा में चोरी के शक में युवक को हाईवे पर बांधकर पीटा. सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो.
फीरोजाबाद की ओर जा रहा था लोडिंग टेंपो
मामला शुक्रवार शाम को बताया जा रहा है। एक लोडर टेंपो रामबाग से फीरोजाबाद की ओर जा रहा था। उसमें बैटरियां लदी थीं और दवाओं के कार्टन रखे थे। रामबाग से टेंपो चालक ने एक युवक को फीरोजाबाद के लिए पीछे बैठा लिया। टेंपो चालक ने बताया कि एत्मादपुर के पास युवक ने बैटरी अपने परिचित को दे दी। इसकी जानकारी पीछे चल रहे ट्रक चालक ने टेंपो चालक को दी। तब बरहन तिराहे पर टेंपो चालक ने टेंपो में पीछे बैठे युवक को पकड़ लिया। उससे पूछा कि बैटरी किसे दी। उस पर चोरी का आरोप लगाया।

हाथ रस्सी से बांध दिए
युवक के हाथ रस्सी से बांध दिए। हाईवे किनारे लोहे की ग्रिल से उसे बांध दिया। उसके थप्पड़ मारे। ये देख वहां किसी ने वीडियो बना लिया। तब वहां लोग एकत्रित हो गए। यह वीडियो शनिवार को वायरल हो गया।
ये दिख रहा वीडियो में
वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक रस्सी से बंधा है। उससे लोग पूछताछ कर रहे हैं। उससे चोरी की बारे में पूछा जा रहा है। हालांकि तभी पुलिस पहुंच गई। युवक समेत दोनों पक्षों को थाने ले आई। इंस्पेक्टर एत्मादपुर अनुज कुमार सैनी ने बताया कि चोरी के शक में एक युवक को आटो वाले ने पकड़ा था। दोनों को थाने लाया गया था। वह दिमाग से विक्षिप्त था। इसीलिए उसे छोड़ दिया गया है। टेंपो चालक ने भी कोई तहरीर नहीं दी।