सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली को लोगों ने पहली बार तो साथ नहीं देखा, लेकिन इस बार इंटरनेट इमोशनल है
एक ही बैच के क्रिकेटर और उम्र भी लगभग एक ही, स्कूल में पढ़ना तो मैदान में खेलना भी सीखे तो एक ही गुरू से, लेकिन जीवन में अलग-अलग मुकाम हासिल किए। सचिन क्रिकेट के भगवान बने, कांबली विवादों में फंसे। ऐसा नहीं है कि सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली को लोगों ने पहली बार साथ देखा हो लेकिन इस बार कुछ ऐसा हुआ कि इंटरनेट भी इमोशनल हो गया।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और उनके जिगरी दोस्त विनोद कांबली का एक वीडियो सोशल मीडिया में काफी वायरल हो रहा है। देश भर में इस वीडियो को इमोशंस के साथ देखा जा रहा है। इस वीडियो में दोनों एक-दूसरे से मुलाकात करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इंटरनेट की खबरों के मुताबिक यह वीडियो मंगलवार को मुंबई में हुए एक इवेंट का बताया जा रहा है।
इसमें विनोद कांबली शारीरिक तौर पर काफ़ी कमज़ोर नज़र आ रहे हैं।
सचिन और कांबली की मुलाकात का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल है। वीडियो देखने वाले सोशल मीडिया पर तरह—तरह की प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं।
अधिकांश लोग भावुक करने वाले कमेंट लिख रहे हैं। काफी संख्या में ऐसे लोग हैं जो दोनों की क्रिकेट यात्रा की तुलना कर रहे हैं। काफी लोग उनकी दोस्ती की मिसाल दे रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होने से यह भी अंदाजा लगाया जा सकता है कि देश में लोग क्रिकेट को कितना पसंद करते हैं और अपने पसंदीदा क्रिकेटरों के बारे में वे कितना कुछ जानना चाहते हैं।