आगरालीक्स…आगरा में दबंग की दबंगई देखिए. महिला को आते—जाते करता था छेड़छाड़. पति ने विरोध किया तो दुकान पर जाकर कर दी मारपीट और तोड़फोड़. तमंचे से किए कई राउंड फायर
आगरा में एक दबंग की करतूत सामने आई है. थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में रहने वाला यह दबंग युवक एक महिला को काफी दिनों से परेशान कर रहा है. महिला को आते जाते रास्ते में छेड़छाड़ करता था. महिला के पति ने इसका विरोध किया तो दबंग ने उसकी दुकान पर जाकर मारपीट की और तोड़फोड़ कर डाली. यही नहीं उसने कई राउंड तमंचे से फायर भी किए जिसके बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई. पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
ये है पूरा मामला
मामला थाना एत्माद्दौला क्षेत्र का है. यहां रहने वाली एक महिला लेडीज टेलर की दुकान चलाती है और उसके पति की बाइक रिपेयरिग की दुकान है. आरोप है कि यहां रहने वाला पप्पू चौहान करीब तीन महीने से महिला को परेशान कर रहा है. वह आते जाते समय महिला से छेड़छाड़ करता है. कई बार विरोध भी किया लेकिन फिर भी वह अभद्रता करने लगता. महिला ने इसकी जानकारी पति को दी तो पति ने भी पप्पू चौहान की इस हरकतों का विरोध किया. इससे पप्पू चौहान ताव में आ गया और पीड़ित की दुकान पर पहुंच गया. यहां उसने तोडफोड़ करना शुरू कर दिया और बाद में महिला के पति को भी पीटा.
दहशत फैलाने के लिए आरोपी ने चार राउंड तमंचे से फायर भी किए जिससे डरकर लोगों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए. खुलेआम फायरिंग का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया है. वीडियो दो दिन बाद आज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.