आगरालीक्स…आगरा से बरसाना धाम में सजा दिव्य फूल बंगला. राधारानी जी की पोशाक सेवा, संव सेवा और विशाल प्रसादी में उमड़ा श्रद्धा का सागर
श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार, आगरा के तत्वावधान में सोमवार को श्री बरसाना धाम स्थित श्री राधारानी सरकार मंदिर में भक्ति, सेवा और श्रद्धा का अनुपम संगम देखने को मिला। राधारानी जी की विशेष पोशाक सेवा, मनोहारी फूल बंगला दर्शन, संत सेवा एवं विशाल प्रसादी वितरण के आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित शामिल हुए और राधारानी जी की कृपा का पुण्य लाभ प्राप्त किया। प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रंग-बिरंगे पुष्पों से सुसज्जित दिव्य फूल बंगला एवं राधारानी जी का अलौकिक श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। जैसे ही भक्तों ने राधारानी सरकार के दर्शन किए, पूरा मंदिर परिसर "राधे-राधे" के जयघोष और भक्ति रस से सराबोर हो उठा। श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर पोशाक सेवा में सहभागिता की तथा अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।कार्यक्रम के अंतर्गत संत-महात्माओं की विशेष प्रसाद सेवा आयोजित की गई, जिसमें श्रद्धा और सम्मान के साथ संतजनों का स्वागत एवं सत्कार किया गया। इसके पश्चात मंदिर प्रांगण में उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई। भक्तों ने प्रेम, सद्भाव और भक्ति भाव के साथ प्रसादी ग्रहण कर आयोजन की सराहना की। चरण सेवक अजय गोयल, मनोज कुमार गर्ग, श्याम सुंदर माहेश्वरी, पवन कुमार अग्रवाल, नीरज अग्रवाल एवं मनीष गोयल ने कहा कि बरसाना धाम में राधारानी जी की सेवा का अवसर स्वयं में एक दिव्य सौभाग्य है। संत सेवा और प्रसादी सेवा भारतीय संस्कृति की अमूल्य परंपरा है, जो समाज में सेवा, समर्पण और आध्यात्मिक चेतना का संचार करती है। कार्यक्रम व्यवस्था संयोजक विनय बंसल, गौरव बंसल एवं नितिन अग्रवाल ने संभाली।
कार्यक्रम में इन लोगों का भी सहयोग रहा प्रदीप अग्रवाल, योगेश बंसल, रजनीश गुप्ता, बृजमोहन रैपुरिया, अंकुर अग्रवाल, सीमा गोयल, स्वीटी गर्ग, कविता अग्रवाल, उर्मिला महेश्वरी, निधि अग्रवाल, नीता अग्रवाल, प्राची अग्रवाल एवं मंजू अग्रवाल सहित समस्त सेवक मंडल ने आयोजन की व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। कार्यक्रम के समापन पर समस्त श्रद्धालुओं ने राधारानी जी के श्रीचरणों में विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि एवं आध्यात्मिक उन्नति की प्रार्थना की। पूरे मंदिर परिसर में "राधे-राधे" और "जय श्री राधारानी सरकार" के जयघोष गूंजते रहे, जिससे बरसाना धाम का वातावरण भक्तिमय हो उठा।