आगरालीक्स…Agra News: आगरा में आवास विकास परिषद ने सील तोड़कर कंपनी का आफिस, कोचिंग और लाइब्रेरी संचालित होने पर चलाया बुलडोजर, हास्पिटल की बिल्डिंग ध्वस्त करने पहुंची टीम का विरोध। ( Agra Live News: Avas Vikas Parishad, Agra start demolition drive
)
सुप्रीम कोर्ट द्वारा मेरठ में आवास विकास परिषद के आवासीय भवनों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बाद प्रदेश भर में कार्रवाई शुरू हो गई है। आगरा में आवास विकास परिषद की आवास विकास कॉलोनी, सिकंदरा, कमला नगर और ट्रांस यमुना हैं। आवास विकास परिषद की टीम ने गुरुवार से ध्वस्तीकरण का अभियान शुरू किया।
सील तोड़कर कंपनी और लाइब्रेरी व कोचिंग हो रहीं थी संचालित
प्रवर्तन दल के कर्नल जीएम खान के अनुसार, सेक्टर 4 में संपत्ति संख्या 721 1 में पुर्व में सील लगाई गई थी इस पर जमकर विवाद हुआ था। सील तोड़कर हिटाची कैश मैनेजमेंट का आफिस, कोचिंग और लाइब्रेरी संचालित हो रहे थे। आंशिक ध्वस्तीकरण करने के साथ ही दो दिन में अवैध निर्माण को खुद ही ध्वस्त कराने का अल्टीमेटम दिया है। इसके साथ ही थाने में तहरीर दी गई है। वहीं, सेक्टर सात में रोशन पैलेस और सेक्टर 9 में नक्शे के विपरीत निर्माण लिया। यहां भी आंशिक ध्वस्तीकरण किया गया।
अस्पताल के निर्माण को ध्वस्त करने पहुंचे बुलडोजर के आगे हुए खड़े
आवास विकास प्रवर्तन दल की टीम सेक्टर 5 में निर्मित अस्पताल की बिल्डिंग के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पहुंची, जैसे ही बुलडोजर आगे बढ़ा, अस्पताल प्रबंधन के लोग बुलडोजर के आगे खड़े हो गए। कहा कि अवैध निर्माण की कंपाउंडिंग के लिए पहले से आवेदन विचाराधीन है, फिर कार्रवाई क्यों की जा रही है। इस पर टीम लौट गई।