आगरालीक्स…लोगों में लाइफस्टाइल डिजीज (मधुमेह, हृदय रोग, स्ट्रोक, मोटापा और कैंसर) क्यों बढ़ रहे हैं. इनका कारण और क्या है बचाव इसके लिए आगरा में चिकित्सक करेंगे चर्चा. एक दिवसीय कार्डियो मेटाबॉलिक जीआईटी एंड रेसपीरेट्ररी कॉन्क्लेव-2026 21 मई को
लाइफस्टाइल डिजीज (जीवनशैली रोग) मधुमेह, हृदय रोग, स्ट्रोक, मोटापा और कैंसर जैसे गंभीर रोगों से आमजन निरंतर ग्रसित हो रहे हैं। लाइफस्टाइल डिजीज संबंधित रोगों के कारण, बचाव, उपचार पर मंथन और समय की व्यस्तता के कारण आधुनिकीकरण से पिछड़े रहे चिकित्सकों को कम समय में नवीन चिकित्सा प्रणाली से अवगत कराने के लिए कार्डियो डायबिटीज रिसर्च सोसाइटी ऑफ़ आगरा के तत्वाधान में एक दिवसीय कार्डियो मेटाबॉलिक जीआईटी एंड रेसपीरेट्ररी कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया जा रहा है। कॉन्क्लेव के संदर्भ में जानकारी देने के लिए सोमवार को संजय पैलेस स्थित पीएल पैलेस में पोस्टर विमोचन समारोह का आयोजन किया गया। कार्डियो डायबिटीज रिसर्च सोसाइटी ऑफ़ आगरा के ऑर्गेनाइजिंग चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्रा, ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ. राजीव किशोर, प्रेसिडेंट डॉ. बाईबी अग्रवाल, को ऑर्गेनाइजिंग चेयरमैन डॉ. डीपी अग्रवाल, को ऑर्गेनाइजिंग चेयरमैन डॉ. अशोक शिरोमणि, ऑर्गेनाइजिंग ट्रेजरार डॉ. तरुण सिंघल, ऑर्गेनाइजिंग साइंटिफिक सेक्रेटरी डॉ. केके विश्ववानी, ऑर्गेनाइजिंग ज्वाइंट साइंटिफिक सेक्रेटरी डॉ. प्रशांत प्रकाश द्वारा संयुक्त रूप से पोस्टर का विमोचन किया गया। ऑर्गेनाइजिंग चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्रा और ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ. राजीव किशोर ने बताया कि कार्डियो डायबिटीज रिसर्च सोसाइटी ऑफ़ आगरा के तत्वाधान में एक दिवसीय कार्डियो मेटाबॉलिक जीआईटी एंड रेसपीरेट्ररी कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन 21 मई दिन गुरुवार को शाम 4 बजे से होटल क्लार्क शिराज में किया जा रहा है। कॉन्क्लेव में लाइफस्टाइल डिजीज के कारण, बचाव और आधुनिक उपचार पर चर्चा की जाएगी। कॉन्क्लेव में देशभर के वरिष्ठ विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। प्रमुख वक्ताओं में दिल्ली मेदांता हॉस्पिटल के डॉ. हर्षवर्धन पुरी, लखनऊ केजीएमसी के मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ सूर्यकांत, गुड़गांव की डॉ. वर्तिका विश्ववानी, अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज के हामिद अशरफ सहित कई अन्य शामिल रहेंगे। उन्होंने बताया कि एक दिवसीय कांक्लेव के माध्यम से चिकित्सकों को रोगों के प्रति कम समय में वरिष्ठ विशेषज्ञों द्वारा नवीन चिकित्सा प्रणाली की जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर आधुनिक एआई प्रणाली से अवगत कराते हुए चिकित्सा में उसकी उपयोगिता और लाभ से भी अवगत कराया जाएगा। आयोजन समिति के सदस्यों ने विश्वास जताते हुए कहा कि यह कांक्लेव लाइफस्टाइल डिजीज (जीवनशैली रोग) पर रोकथाम और अंकुश लगाने में कारगर साबित होगी। पोस्टर विमोचन समारोह में समक्ष जैन और अनिल गोयल मौजूद रहे।प्रमुख रोग, कारण, बचाव और उपचार
लाइफस्टाइल डिजीज संबंधित रोगों में प्रमुख रूप से मधुमेह, हृदय रोग, स्ट्रोक, मोटापा और कैंसर शामिल हैं। प्रमुख कारण खराब खान-पान, शारीरिक निष्क्रियता, धूम्रपान, शराब और मानसिक तनाव है। इनसे बचाव के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और नशा मुक्ति जरूरी है।