आगरालीक्स…आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में ‘होममेड हेल्दी उत्पाद’ की लगी प्रदर्शनी… छात्राओं ने पोषण, परंपरा और नवाचार का दिया प्रेरणादायी संदेश
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान संस्थान के आहार एवं पोषण विभाग द्वारा ‘होममेड हेल्दी उत्पाद’ थीम पर आयोजित खाद्य प्रदर्शनी ने न केवल स्वाद का उत्सव प्रस्तुत किया, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली की दिशा में एक सशक्त और प्रेरणादायी संदेश भी दिया। यह भव्य आयोजन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी के निर्देशन में तथा गृह विज्ञान संस्थान डॉ दीप्ती सिंह ने प्रयोगशाला सहायक सुनीता तिवारी के विशेष सहयोग से छात्राओं द्वारा आयोजित किया.
विभाग डीन प्रो अर्चना सिंह ने आयोजन पर कहा की प्रदर्शनी में छात्राओं की रचनात्मकता और नवाचार स्पष्ट रूप से देखने को मिला। विभिन्न प्रकार के पौष्टिक प्रीमिक्स पाउडर, स्वादिष्ट कचौड़ी, हेल्दी उपमा जैसे उत्पादों के साथ-साथ पारंपरिक पेय पदार्थों—ठंडाई पाउडर, लेमन स्क्वैश, आंवला स्क्वैश और आम पन्ना—ने आगंतुकों को विशेष रूप से आकर्षित किया। अचारों की विविधता में प्याज, मिक्स, नींबू और मिर्च के अचार ने घरेलू स्वाद की याद दिलाई।
संचालिका डॉ. दीप्ती सिंह ने बताया की इस प्रदर्शनी में निर्जलीकृत (डिहाइड्रेटेड) उत्पादों जैसे पुदीना, करी पत्ता, मेथी पत्तियां, मूंग बड़ी और मैसूर बड़ी ने यह संदेश दिया कि सीमित संसाधनों में भी पोषण को संरक्षित रखा जा सकता है। वहीं शेजवान चटनी और ग्रीन चिली सॉस जैसे फ्यूजन उत्पादों ने आधुनिक स्वाद के साथ परंपरा का संतुलन प्रस्तुत किया। आंवला कैंडी और च्यवनप्राश जैसे उत्पादों ने भारतीय पारंपरिक ज्ञान को भी नई पीढ़ी के सामने सशक्त रूप में रखा।
लगभग 45 से 50 उत्पादों की इस प्रदर्शनी में एम.एससी. (आहार एवं पोषण) एवं एम.एससी. (सामान्य) की छात्राओं ने भाग लिया। उन्होंने न केवल उत्पाद तैयार किए, बल्कि उनके पोषण मूल्य, निर्माण प्रक्रिया और स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी देकर दर्शकों को जागरूक भी किया। कार्यक्रम में डॉ. रश्मि शर्मा, डॉ. संगमित्रा गौतम, डॉ. प्रीति यादव, डॉ. कविता सिंह, डॉ. मोनिका अस्थाना, डॉ. रत्ना पांडेय, डॉ. आभा सिंह, डॉ. नीरज, डॉ. तपस्या, डॉ. नेहा सक्सेना, डॉ. अनुपमा, डॉ. प्रिया यादव की उपस्थिति ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।