आगरालीक्स…Agra News: आगरा में इंडियन सोसाइटी ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन के अध्यक्ष डॉ. रनवीर त्यागी ने मरीज की डूबती हुई जिंदगी को मौत के मुंह से बाहर निकालने वाले क्रिटिकल केयर स्पेशियलिस्ट की चुनौती के साथ ही साल भर किए जाने वाले कार्यों की घोषणा की।
सिनर्जी प्लस हॉस्पिटल में शुक्रवार को इंडियन सोसाइटी ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन के अध्यक्ष डॉ. रनवीर त्यागी ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बनाई गई क्रिटिकल केयर टास्क फोर्स के भी सदस्य हैं। यूपी सरकार द्वारा प्रदेश के सभी जनपदों के जिला अस्पतालों में एक 8 बेड की स्पेशल क्रिटिकल केयर मेडिसिन यूनिट विकसित की जा रही है। अभी हाल ही में चेन्नई में यूपी के पहले इंडियन सोसाइटी ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ रणवीर सिंह त्यागी बने हैं। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद ही क्रिटिकल केयर मेडिसिन को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए एक विशेष कार्य योजना तैयार की है। योजना की जानकारी देने के लिए एक जागरूकता पूर्ण पोस्टर विमोचन कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को सिकंदरा बाईपास स्थित सिनर्जी प्लस हॉस्पिटल में किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ रणवीर सिंह त्यागी के अनुसार क्रिटिकल केयर मेडिसिन उन मरीजों के लिए होती है जिनके अंगों (जैसे दिल, फेफड़े, गुर्दे) के काम करना बंद करने का खतरा होता है। इसका उद्देश्य जीवन रक्षक सहायता, 24 घंटे निगरानी और गंभीर मरीजों की जान बचाना है। इसकी विशेषज्ञ टीम में प्रशिक्षित डॉक्टरों (इंटेंसिविस्ट), नर्सों, श्वसन चिकित्सकों और फार्मासिस्टों की टीम शामिल होती है। उनके अनुसार वर्ष भर जागरूकता पूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन कर क्रिटिकल केयर मेडिसिन को और अधिक प्रभावी बनाए जाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे।
. गायनिक से संबंधित चिकित्सकों के लिए क्रिटिकल केयर प्रशिक्षण कार्यक्रम।
. सामान्य नागरिकों को ऑर्गन डोनेशन (अंगदान) के लिए जागरूक करने के लिए कार्यक्रम।
. एडल्ट वैक्सीनेशन (रोगों से बचाव के लिए) जागरूक करना।
. एंटीबायोटिक दवाओं के अधिक प्रयोग से सावधान और सतर्क करना।
. सीपीआर के प्रति जागरूक करना।
. नर्सिंग स्टाफ को प्रशिक्षित करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम।
. फिजियोथैरेपिस्ट के लिए ट्रेनिंग प्रोग्राम।
. न्यूट्रिशन के लिए ट्रेनिंग प्रोग्राम।
. एमबीबीएस चिकित्सकों के लिए बेसिक क्रिटिकल केयर कोर्स प्रारंभ करना।
. कम संसाधनों में उचित देखभाल के लिए छोटे शहरों और कस्बों के चिकित्सकों को दी जाएगी ट्रेनिंग।