आगरालीक्स…आगरा में बीएड, एलएलबी, बीए एलएलबी की मुख्य परीक्षाएं कल से. 27 नोडल परीक्षा केंद्र पर 47,645 देंगे परीक्षा
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के अंतर्गत संचालित बी.एड., एलएलबी. एवं बी.ए.एलएलबी. पाठ्यक्रमों की मुख्य परीक्षाएं दिनांक 25 मई 2026 से प्रारंभ होने जा रही हैं। परीक्षाओं के सफल, पारदर्शी एवं नकलविहीन संचालन हेतु आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद एवं मैनपुरी जनपदों में कुल 27 नोडल परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा प्राप्त विवरण के अनुसार बी.एड. पाठ्यक्रम में 38,467 परीक्षार्थी, एलएलबी. पाठ्यक्रम में 6,558 परीक्षार्थी तथा बी.ए.एलएलबी. पाठ्यक्रम में 2,620 परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हैं। इस प्रकार कुल 47,645 परीक्षार्थी परीक्षाओं में प्रतिभाग करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षा की शुचिता एवं गुणवत्ता बनाए रखने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सभी नोडल केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, उड़नदस्ता दल, केंद्र पर्यवेक्षक तथा कक्ष निरीक्षकों की समुचित व्यवस्था की जा रही है।
विश्वविद्यालय ने संबंधित जनपदों के जिला विद्यालय निरीक्षकों से भी सहयोग का अनुरोध किया है, ताकि आवश्यकतानुसार शिक्षक उपलब्ध कराए जा सकें और परीक्षाएं शासन की मंशा के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराई जा सकें। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी केंद्राध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि परीक्षाओं के संचालन में पूर्ण पारदर्शिता, अनुशासन एवं गोपनीयता बनाए रखी जाए।