आगरालीक्स…Agra Live News: आगरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ सकते हैं। उन्हें डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के शताब्दी वर्ष समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है, पीएमओ कार्यालय द्वारा एक जुलाई 2026 को आयोजित होने जा रहे कार्यक्रम की डिटेल मांगी हैं।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के शताब्दी वर्ष समारोह एक जुलाई 2026 से शुरू होकर एक जुलाई 2027 तक चलेगा। एक वर्ष तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। एक जुलाई से शुरू होने जा रहे शताब्दी समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित करने के लिए कुलाधिपति कार्यालय से पत्र भेजा गया था इसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय से शताब्दी समारोह के बारे में जानकारी मांगी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समारोह में आनलाइन भी शामिल हो सकते हैं इसके लिए विश्वविद्यालय में तैयारी तेज कर दी गई है।
गुरुवार को सेठ पदम चंद जैन संस्थान में कुलपति प्रो आशु रानी की अध्यक्षता में हुई बैठक में विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष समारोह के उद्घाटन कार्यक्रम में देश एवं प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व को आमंत्रित करने की प्रक्रिया प्रगति पर है। इसके लिए आवश्यक पत्राचार एवं औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही हैं। कुलपति प्रोफेसर आशु रानी ने सभी समितियों को अपने-अपने कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र प्रस्तुत करने तथा निर्धारित समय-सीमा में क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विश्वविद्यालय का मुख्य स्थापना दिवस उद्घाटन समारोह 1 जुलाई 2026 को स्वामी विवेकानंद परिसर स्थित शिवाजी मंडपम में आयोजित किया जाएगा। कुलपति ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक समारोह नहीं बल्कि विश्वविद्यालय की सौ वर्षीय गौरवगाथा, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं का विराट उत्सव होगा।
डाक टिकट और सिक्का भी किया जाएगा जारी
प्रदर्शनी समिति द्वारा दीक्षांत मैदान में विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसमें विश्वविद्यालय के सौ वर्षों के गौरवशाली इतिहास, शैक्षणिक विकास, शोध उपलब्धियों एवं सामाजिक योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा। गृह विज्ञान संस्थान की छात्राओं द्वारा हुनर गैलरी, सामुदायिक रेडियो, केंद्रीय पुस्तकालय, इतिहास विभाग, अंतरराष्ट्रीय प्रकोष्ठ, नवाचार एवं इन्क्यूबेशन सेल, पर्यटन अध्ययन विभाग तथा ललित कला एवं संगीत से संबंधित विशेष प्रदर्शनी एवं लाइव प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र होंगे। विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने हेतु विशेष एलुमनाई वॉल तैयार की जाएगी। वहीं छात्र कल्याण गतिविधियों के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा अर्जित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पदक, ट्रॉफियां एवं सम्मान भी प्रदर्शित किए जाएंगे। स्मारिका समिति को निर्देशित किया गया कि शताब्दी वर्ष स्मारिका में विश्वविद्यालय की अकादमिक प्रगति, संस्थागत विकास, ऐतिहासिक दस्तावेजों तथा प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों एवं गणमान्य व्यक्तियों के संदेशों को समाहित किया जाए, जिससे यह स्मारिका विश्वविद्यालय की विरासत का महत्वपूर्ण दस्तावेज बन सके। कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष को स्मरणीय बनाने के लिए विशेष डाक टिकट एवं स्मारक सिक्के की प्रक्रिया भी उच्च स्तर पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने सभी समितियों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए सुरक्षा, अनुशासन, आतिथ्य, भोजन व्यवस्था, मीडिया समन्वय तथा सजीव प्रसारण की उत्कृष्ट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में वित्त अधिकारी सुदर्शन, कुलसचिव अजय मिश्रा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. बीएस शर्मा, कुलपति सचिवालय से अतुल सक्सेना, जनसंपर्क अधिकारी पूजा सक्सेना आदि मौजूद रहे।