आगरालीक्स…आगरा के संजय प्लेस में चल रही कंपनी विदेश में जॉब दिलाने के नाम पर कर रही थी ठगी. युवक को दिया फर्जी ज्वाइनिंग लैटर और वीजा, दो आरोपी अरेस्ट…
आगरा के संजय प्लेस में चार महीने पहले खुली एक कंपनी में सोशल मीडिया के जरिए युवाओं से संपर्क किया जा रहा था और उन्हें विदेश में नौकरी का लालच देकर फंसाने का काम किया जा रहा था. एक युवक को विदेश में नौकरी का ज्वाइनिंग लैटर और वीजा भी दिया लेकिन जब वह फर्जी निकला तो मामला थाना हरीपर्वत पुलिस तक पहुंचा. पुलिस ने दो आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस के अनुसार पकड़े गए दो युवकों में से एक पंजाब के कपूरथला का रहने वाला साहिल है तो दूसरा हाथरस का रहने वाला अमन. दोनों ने चार महीने पहले ही संजय प्लेस में एक कंपनी बनाई थी. ये लोग सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से संपर्क किया करते थे. इन्होंने आगरा के एक युवक को कनाडा में नौकरी का झांसा दिया और उसे फर्जी ज्वाइनिंग लैटर और वीजा भी थमा दिया. नौकरी के लिए नहीं जाने पर युवक ने अपने रुपये वापस मांगे तो आनाकानी करने लगे. युवक ने पुलिस में शिकायत की जिसके बाद आरोपियों को पकड़ लिया गया है.