आगरालीक्स …Agra News: आगरा के उजाला रेनबो सिग्नस हॉस्पिटल में अब एआई आधारित थ्री डी प्रिंटिंग से ज्वाइंट ट्रांसप्लांट, रीढ़ की हड्डी, ब्रेन ट्यूमर के इलाज की सुविधा, सर्जिकल प्लानिंग, खोपड़ी की कृत्रिम हड्डी निर्माण, सर्जिकल ट्रेनिंग, और कस्टमाइज़्ड इम्प्लांट में मिलेगी मदद।
उजाला सिग्नस रेनबो हॉस्पिटल के आर्थो व न्यूरो विभाग में मंगलवार को एआई-संचालित 3डी प्रिंटिंग एवं सर्जिकल प्लानिंग सेवा शुरू कर दी गई। आगरा मंडल में पहली बार मरीजों को यह सुविधा यहां उपलब्ध हुई है। ( Agra Live News: Ujala Cygnus Rainbow Hospital start 3 D Printing Model for Ortho & Neurosurgery in Agra )
वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. सिद्धार्थ दुबे ने बताया कि यह तकनीक जटिल फ्रैक्चर (हड्डी टूटना), जोड़ प्रतिस्थापन सर्जरी (जॉइंट रिप्लेसमेंट), रीढ़ (स्पाइन) की सर्जरी, विकृति सुधार सर्जरी, ट्यूमर से संबंधित हड्डी की सर्जरी, कठिन पुनरीक्षण सर्जरी (रिवीजन सर्जरी) आदि मामलों में उपयोगी साबित होगी। उन्होंने बताया कि यह सुविधा उजाला सिग्नस अमनदीप अस्पताल (जो आधुनिक ऑर्थोपेडिक तकनीकों और सर्जिकल नवाचार में अपनी विशेषज्ञता के लिए जाना जाता है) की उन्नत एआई 3डी प्रिंटिंग प्रयोगशाला के सहयोग से प्रदान की जा रही है।
सर्जरी की प्लानिंग और इलाज में मिलेगी मदद
वहीं वरिष्ठ न्यूरो सर्जन कुंज बिहारी सारस्वत ने कहा कि न्यूरोसर्जरी विभाग में 3D प्रिंटिंग मॉडल डॉक्टर व मरीज दोनों के लिए ही मददगार साबित होगी। यह तकनीक सर्जन को रोगी-विशिष्ट 3D मॉडल बनाकर जटिल एनाटॉमी को पहले से देखने और समझने में सहायता प्रदान करेगी। वहीं मरीज व उनके परिजनों को भी बीमारी से जुड़ी जटिलताओं को समझने में आसानी होगी। उन्होंने बताया कि एआई आधारित 3D प्रिंटिंग मॉडल से सर्जिकल प्लानिंग, खोपड़ी की कृत्रिम हड्डी निर्माण, सर्जिकल ट्रेनिंग, और कस्टमाइज़्ड इम्प्लांट में मदद मिलती है। इसका लाभ बेहतर विजुअलाइज़ेशन, सर्जरी में कम समय लगना, और कम लागत में बेहतर परिणाम हासिल करने में होगा। यह तकनीक न्यूरोसर्जरी में नई संभावनाएं खोलती हैं और उजाला सिग्नस रेनबो हॉस्पिटल को उत्तर भारत के सबसे आधुनिक केंद्रों में शामिल करती है।
हर जटिल केस पर की जाएगी स्टडी
मरीज और उनके परिजन अक्सर जटिल चिकित्सा स्थितियों को समझने में कठिनाई महसूस करते हैं। लेकिन विशिष्ट 3डी मॉडल का उपयोग करके अब डॉक्टर सर्जरी को सरल और स्पष्ट तरीके से उन्हें समझा सकते हैं।
उजाला सिग्नस अमनदीप अस्पताल के ऑर्थोपेडिक्स विभाग के अध्यक्ष डॉ. अवतार सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि आगरा में 3डी सर्जिकल प्लानिंग एवं प्रिंटिंग सेवाओं की शुरुआत, उन्नत ऑर्थोपेडिक देखभाल को अधिक सटीक, पूर्वानुमेय और सुलभ बनाने के हमारे मिशन में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अमृतसर स्थित हमारी एआई-सक्षम 3डी लैब की विशेषज्ञता को उजाला सिग्नस रेनबो हॉस्पिटल की क्लिनिकल टीमों के साथ एकीकृत करके, हम एक ऐसा सहज मंच तैयार कर रहे हैं, जहां हर जटिल केस को ऑपरेशन थिएटर में जाने से पहले विस्तार से अध्ययन, सिमुलेशन और उनके लिए योजना बनाई जा सकती है। इस अत्याधुनिक तकनीक की मदद से डॉक्टर अब सर्जरी से पहले मरीज के न्यूरो या हड्डी व जोड़ का सटीक 3डी प्रिंटेड मॉडल, उसके सीटी स्कैन और एमआरआई छवियों के आधार पर तैयार कर सकते हैं। इससे सर्जनों को समस्या की गहराई से समझने और अधिक सटीक सर्जिकल योजना बनाने में सहायता मिलती है।
हॉस्पिटल में मरीजों को दी जा रहीं अत्याधुनिक सुविधाएं
रेनबो आईवीएफ के डायरेक्टर डॉ. केशव मल्होत्रा ने कहा कि एआई व 3डी प्रिंटिंग तकनीक सर्जिकल प्लानिंग को अत्यधिक सटीक और सुरक्षित बना रही है। मरीजों के स्कैन के आधार पर 3D मॉडल बनाकर सर्जरी का पूर्वाभ्यास संभव है, जिससे जोखिम कम होता है और सफलता दर बढ़ती है। जोनल हेड तेज सिंह ने कहा कि हमारा लक्ष्य मरीजों को विश्व स्तरीय स्वास्थ्य तकनीक के और करीब लाना है। एआई-आधारित 3डी सर्जिकल प्लानिंग एक बड़ी उन्नति है, जो सर्जिकल सटीकता और मरीजों के विश्वास को बढ़ा सकती है। उन्होंने कहा कि उजाला सिग्नस अस्पता समूह पूरे भारत में सर्जिकल देखभाल के भविष्य को पुनर्परिभाषित करने और मरीजों के परिणामों को बेहतर बनाने के लिए एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) का लाभ उठाने को पूरी तरह से तैयार है। यूनिट हेड रणंजय सिंह ने बताया कि यह सेवा अब अस्पताल में ऑर्थोपेडिक, ट्रॉमा, स्पाइन और जटिल पुनर्निर्माण सर्जरी के मामलों के लिए उपलब्ध है। अपॉइंटमेंट और अधिक जानकारी के लिए मरीज अस्पताल से संपर्क कर सकते हैं।