आगरालीक्स…आगरा में कड़ी सुरक्षा में 154 केंद्रों पर होंगी बोर्ड परीक्षाएं. 6 जोन और 15 सेक्टरों में होंगे विभाजित. 18 अति संवेदनशील केंद्रों पर तैनात होंगे स्टेटिक मजिस्ट्रेट
यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च 2026 तक चलेंगे. आगरा में यह परीक्षाएं 154 केंद्रों पर आयोजित की जा रही हैं. परीक्षाएं नकल विहीन और शांतिपूर्ण कराने के लिए सभी 154 परीक्षा केन्द्रों को 06 जोन एवं 15 सैक्टरों में विभाजित किया गया है. डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी ने 06 जोनल मजिस्ट्रेट, 15 सैक्टर मजिस्ट्रेट, 172 स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं 18 अति संवेदशील परीक्षा केन्द्रों पर अतिरिक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती के आदेश दिए हैं.असामजिक तत्वों पर रहेगी नजर
डीएम ने आदेश दिए कि सभी सैक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने सैक्टर से सम्बन्धित परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा तिथि में समय प्रातः 8:30 बजे से 11:45 बजे तक एवं अपरान्ह 2:00 से 5:15 के मध्य परीक्षाओं के नकल विहीन तथा शांतिपूर्ण आयोजन हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करायेगें तथा परीक्षा केन्द्रों पर असमाजिक तत्वों पर निगाह रखते हुए परीक्षा में अनुचित साधनों के प्रयोग की रोकथाम की कार्यवाही करेगें तथा परीक्षा तिथियों में समय-समय पर निरन्तर सम्बन्धित केन्द्रों पर भ्रमण/निरीक्षण/चैकिंग करेंगें तथा आने वाली कठिनाईयों का तत्परता से निराकरण करते हुये परीक्षा में अनुचित साधनों के प्रयोग एवं नकल आदि की रोकथाम हेतु उ०प्र० सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम 1998 के अन्तर्गत कार्यवाही एवं कियान्वयन सुनिश्चित करायेगें.
समस्त सैक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा केन्द्रों के निरीक्षण के समय प्रश्न पत्रों की गोपनीयता सुनिश्चित होने की जांच भी कर लें. यदि प्रश्न पत्रों के पूर्व प्रकटन की स्थिति प्रकाश में आती है तो दोषी व्यक्तियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही त्वरित गति से करें. साथ ही समस्त स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को विशेष रूप से निर्देशित किया जाता है कि वे अपने आवंटित परीक्षा केन्द्र पर नकलविहीन, शान्तिपूर्ण, एवं शुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिये व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी होगें. स्ट्रोग रूम की चाबी केन्द्र पर तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट की अभिरक्षा में सुरक्षित रखी जायेगी. जिस स्ट्रोग रूम के अन्दर डबललॉक अलमारी रखी है, उसे खोले जाने एवं लॉक/सील की कार्यवाही केन्द्र व्यवस्थापक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट (तीनों) की उपस्थिति में ही किया जायें तथा उसका विवरण लॉग बुक / रजिस्टर में अंकित किया जायें वाह्य केन्द्र व्यवस्थापक की अनुपस्थित में स्टेटिक मजिस्ट्रेट के पास सुरक्षित रखी चाबी का उपयोग आपात परिस्थियों में ही स्टेटिक मजिस्ट्रेट द्वारा किया जायें. जिसका सम्यक विवरण कन्ट्रोल रूम को प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा. परीक्षा केन्द्र पर बने स्ट्रोग रूम में अनिवार्य रूप से केन्द्र व्यवस्थापक वाह्य केन्द्र व्यवस्थापक एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में प्रश्नपत्र जिला मुख्यालय द्वारा हस्तगत कराये जाएंगे ।केन्द्र व्यवस्थापक, अतिरिक्त केन्द्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट (तीनों) की उपस्थिति में प्रश्नपत्र प्राप्त कर डबल लॉक अलमारी में सुरक्षित रखवाकर सील करवाया जाएगा.
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी जोनल मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने जोन/सेक्टर में निर्धारित परीक्षा केन्द्रो पर निरन्तर भ्रमण शील रहते हुये परीक्षा केन्द्रो का निरीक्षण कर अनुचित साधन के प्रयोग की रोकथाम करेगें, तथा बोर्ड परीक्षा के शान्तीपूर्ण नकल विहीन संचालन की कार्यवाही सुनिश्चित करायेंगें।