आगरालीक्स…आगरा सहित यूपी में प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों व कर्मचारियों को मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा. उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों ने भी की मांग—हमें भी मिले यह सुविधा
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए यह मांग उठाई गई है कि उक्त सुविधा का विस्तार उच्च शिक्षा विभाग, विशेषकर अनुदानित महाविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों तक भी किया जाए। साथ ही उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों को पूर्व में अनुमन्य चिकित्सा अवकाश, जिसे समाप्त कर दिया गया है, उसे पुनः बहाल किए जाने की आवश्यकता भी रेखांकित की गई।
इन दोनों महत्वपूर्ण मांगों के संबंध में माननीय उच्च शिक्षा कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय जी के जन्मदिवस के अवसर पर आगरा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सी. के. गौतम, स्टाफ क्लब के सचिव प्रो. विजय कुमार सिंह, पूर्व ऑटा महामंत्री डॉ. भूपेंद्र कुमार चिकारा, संयुक्त सचिव प्रो. शशिकांत पांडेय तथा पूर्व उपाध्यक्ष प्रो. दिग्विजय पाल सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री महोदय से शिष्टाचार भेंट की तथा दोनों मांगों से संबंधित एक लिखित प्रतिवेदन उन्हें सौंपा।
मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं कर्मचारियों से संबंधित दोनों मांगों पर शीघ्र ही सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने स्टाफ क्लब के नेतृत्व में प्रस्तुत मांगों को न्यायोचित बताते हुए शिक्षक-हित में शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल द्वारा मंत्री को उनके जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं तथा उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई। भेंट के दौरान आगरा कॉलेज के प्राचार्य, स्टाफ क्लब के सचिव सहित महाविद्यालय के लगभग पचास से अधिक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से डॉ आनंद प्रताप सिंह, प्रो. शशिकांत पांडेय, प्रो. भूपेंद्र कुमार चिकारा, प्रो. गौरव कौशिक, प्रो. शिव कुमार सिंह, प्रो, उमेश कुमार, प्रोफेसर एम. एम. खान, प्रोफेसर संजीव शर्मा, प्रो शिववीर सिंह यादव, प्रो. कृष्णवीर सिंह यादव, प्रोफेसर डी. पी. सिंह, प्रो शरद भारद्वाज, प्रोफेसर आकाश भारद्वाज, डॉ. सत्यदेव शर्मा, प्रो चेतन गौतम, प्रो अमित यादव, शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष गौरव शर्मा, राजीव सिंह, शाहिद सहित अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।