आगरालीक्स …Agra News: महिलाएं ही नहीं पुरुषों में भी बांझपन की समस्या तेजी से बढ़ रही है। बदली जीवनशैली और खान पान से युवा बांझपन की चपेट में आ रहे हैं। युवाओं की शादीशुदा जिंदगी में बांझपन की समस्या से दरार पड़ रही है। मगर, संकोच के कारण पुरुष बांझपन की समस्या को साझा नहीं करते हैं। जबकि पुरुष बांझपन की समस्या ठीक हो सकती है।
एंड्रोलॉजिस्ट व यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनायक वाजपेयी ने बताया कि बांझपन के मामलों में 50 प्रतिशत केस में महिलाएं और 50 प्रतिशत केस में पुरुषों में समस्या होती है। अक्सर लोग महिला बांझपन का इलाज कराते हैं लेकिन पुरुष बांझपन के बारे में बात भी नहीं करते हैं। जिन दंपती को शादी के बाद गर्भधारण में समस्या आ रही है उनमें महिला के साथ ही पुरुषों की जांच भी कराई जाती है। पुरुष बांझपन की समस्या होने पर उसका इलाज संभव है। दवाएं, जीवनशैली में बदलाव सहित अत्याधुनिक इलाज से स्पर्म की गुणवत्ता खराब होना, स्पर्म की संख्या कम होने का इलाज किया जाता है। साथ ही इरेक्टाइल डिस्फंग्शन सहित अन्य पुरुष बांझपन की समस्याओं का इलाज भी संभव है।