आगरालीक्स…आगरा के सत्तो लाला फूड कोर्ट को एक भटूरे ने खाक कर दिया. 15 लोग अंदर खा रहे थे खाना. जानें कैसे लगी भीषण आग और कैसे लोगों ने बचाई जान
आगरा में कोठी मीना बाजार के पास सत्तो लाला फूड कोर्ट रेस्टोरेंट है. इसे संचालक दिलीप खंडेलवाल हैं. गेट के आगे ही टिनशेड के नीचे हलवाई टिकिया, भल्ले, भटूरे सहित अन्य खाने का सामान बनाते हैं और वहीं काउंटर और लोगों के बैठने के लिए कुर्सी मेज लगी थीं. पहली मंजिल पर ही संचालक का परिवार भी रहता है. लेकिन रविवार रात को गर्म कड़ाही में भटूरा डालने के दौरान उठी आग ने पूरे रेस्तरां को अपनी चपेट में ले लिया और भीषण आग ने इसे खाक कर दिया.
जानें कैसे लगी आग
रविवार रात करीब 8 बजे कारीगर सोनू ने भटूरा तलने के लिए कढ़ाई में तेल को गरम किया. तेज गरम होने के बाद उसने एक भटूरे को उसमें तलने के लिए डाला लेकिन उसे डालते ही लपटें उठ गईं. लपटें उतरी ऊंची उठी कि ऊपर लगी चिमनी तक पहुंच गई. बताया जाता है कि चिमनी साफ नहीं थी जिससे आग जैसे ही उस तक पहुंची चिमनी ने आग पकड़ लगी. इससे पहले कि कारीगर कुछ समझ पाते या कर पाते तब तक आग टिन शेड तक फैल गई और देखते ही देखते पूरे फूड कोर्ट को अपनी चपेट में लेने लगी.
लोगों ने ऐसे बचाई अपनी जान
उस समय करीब 15 से अधिक ग्राहक खाना खा रहे थे और यहां करीब 25 कर्मचारी भी थे. काउंटर पर बैठे दिलीप खंडेलवाल भी आग को देखकर दौड़े और कर्मचारियों के साथ मिलकर आग को बुझाने की कोशिश की लेकिन आग कुछ ही देर में और अधिक विकराल हो गई और रेस्तरां के अंदर तक पहुंच गई. ग्राहक भी बाहर भाग खड़े हुए. घर के कमरों में दिलीप खंडेलवाल के माता और और एक बच्चा था. धुएं और लपटें आने के बाद वह पीछे वाले हिस्से से चले गए.
एक घंटे में पाया गया काबू
तुरंत इसकी सूचना दमकल को दी गई तो 10 मिनट बाद पांच दमकल यहां पहुंच गईं. कर्मचारियों ने सबसे पहले घर में फंसे परिजनों को बाहर निकाला और फिर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए. करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका. भीषण आग से रेस्तरां का फर्नीचर सहित अन्य सामान जलकर खाक हो गया.